उत्तराखण्ड क्राइम हल्द्वानी

बाइक पर बैठाकर की थी लूट, पुलिस की सतर्कता से दोनों आरोपी गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत हल्द्वानी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए भोटियापड़ाव क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने बाइक पर बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाकर मारपीट करने और मोबाइल व नकदी लूटने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल, नकदी तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम खूराट, सोमेश्वर (जनपद अल्मोड़ा) निवासी प्रदीप सिंह बोरा ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि 24 जून 2026 को दो अज्ञात युवक उन्हें अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर सुनसान स्थान पर ले गए। वहां दोनों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए उनका मोबाइल फोन तथा 2,000 रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में सनसनी: चार दिन में झील से तीसरा शव, गुमशुदा युवक की हुई पहचान

पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा संख्या 213/2026 धारा 115(2), 351(2), 351(3) एवं 309(4) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक कृपाल सिंह को सौंपी गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

यह भी पढ़ें 👉  बरसात से पहले सड़क, बिजली और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करें, मंत्री कैड़ा ने दिए सख्त निर्देश

गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्यों एवं सुरागरसी-पतारसी के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभय सिंह उर्फ उड़ी पुत्र बब्लू सिंह निवासी राजपुरा, कुष्ठ आश्रम के निकट, हल्द्वानी तथा रवि रौतेला पुत्र स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह निवासी फूलचौड़ पंचायतघर, हल्द्वानी के रूप में हुई है।

यह भी पढ़ें 👉  महिला की गरिमा से खिलवाड़ करने वाले विकृत मानसिकता के युवक को हल्द्वानी पुलिस ने दबोचा

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़ित का लूटा गया मोबाइल फोन, 2,000 रुपये की नकदी तथा घटना में प्रयुक्त होंडा सीबीआर मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी भी की गई है। मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।

इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी भोटियापड़ाव उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, कांस्टेबल विजय भारद्वाज एवं कांस्टेबल मुकेश सिंह शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए अपराधियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।