नैनीताल – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने शुक्रवार को पुलिस लाइन नैनीताल का वार्षिक निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं, संसाधनों और पुलिस कर्मियों के कल्याण से जुड़ी सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कई व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को सम्मानित भी किया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पुलिस परिवारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राशन शॉप के संचालन समय में बदलाव के निर्देश दिए। अब पुलिस लाइन की राशन शॉप सुबह 7 बजे के बजाय 6:30 बजे से संचालित होगी, ताकि स्कूल जाने वाले बच्चों और परिवारों को सुविधा मिल सके। साथ ही कैंटीन में स्थानीय उत्पादों जैसे मडुवा, झींगोरा और लाल चावल की उपलब्धता बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस परिवारों की सुविधा के लिए एसएसपी ने मोबाइल सीपीसी कैंटीन सेवा शुरू करने की पहल भी की। इसके तहत जनपद की पुलिस कॉलोनियों में सप्ताह में एक बार मोबाइल कैंटीन भेजी जाएगी, जिससे कर्मचारियों और उनके परिवारों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध हो सके।

वाहनों के निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने सुरक्षा उपकरणों की जांच की। तल्लीताल और मल्लीताल क्षेत्र के कुछ वाहनों में सर्च लाइट नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और तत्काल नई सर्च लाइट लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मुलजिम वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और लॉकिंग सिस्टम की भी जांच की गई।
शस्त्रागार निरीक्षण के दौरान सभी आधिकारिक हथियारों और गोला-बारूद की स्थिति का परीक्षण किया गया। दंगा नियंत्रण उपकरणों की कार्यक्षमता जांचने के लिए फायरिंग टेस्ट भी कराया गया। एसएसपी ने शस्त्रों की नियमित सफाई और तकनीकी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने बैरकों, मेस और पुलिस कर्मियों के रहने की सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्वच्छ पेयजल, बेहतर वेंटिलेशन और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। कर्मचारी मैस में पौष्टिक भोजन, मोटे अनाज और मौसमी सब्जियों को शामिल करने पर भी जोर दिया गया।
व्यायामशाला का निरीक्षण करते हुए जिम उपकरणों की मरम्मत, डेंटिंग-पेंटिंग और बेहतर म्यूजिक सिस्टम लगाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट टर्नआउट और बेहतर वाहन रखरखाव करने वाले पुलिस कर्मियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही प्रशिक्षणाधीन मुख्य आरक्षी पुष्पेंद्र सिंह रावत के प्रशिक्षण रजिस्टर के सुव्यवस्थित रखरखाव की भी सराहना की गई।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि पुलिस कर्मियों का कल्याण, बेहतर कार्य वातावरण और संसाधनों की गुणवत्ता उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

