उत्तराखण्ड ज़रा हटके देहरादून

बुजुर्ग महिला से दिनदहाड़े चेन झपटकर भागा स्कूटी सवार, धक्का लगने से सड़क पर गिरीं 75 वर्षीय महिला

ख़बर शेयर करें -

 

देहरादून – वसंत विहार फेज-2 में स्कूटी सवार युवक ने रास्ता पूछने के बहाने 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला को रोककर उनके गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गया। चेन झपटने के दौरान आरोपी ने महिला को धक्का भी दिया, जिससे वह सड़क पर गिर गईं। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड के स्कूलों पर केंद्र का फोकस, शिक्षा सुविधाओं पर तीन साल में 2,201 करोड़ से अधिक खर्च

जानकारी के अनुसार, वसंत विहार फेज-2 निवासी विकास मित्तल की मां राजरानी मित्तल 14 अगस्त की शाम करीब 4:45 बजे रोजाना की तरह घर के बाहर टहल रही थीं। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की स्कूटी पर सवार एक युवक उनके पास पहुंचा और किसी व्यक्ति का पता पूछने लगा।

महिला युवक को रास्ता बताने लगीं। इसी दौरान आरोपी ने बातचीत के बीच अचानक उनके गले से सोने की चेन झपट ली। इसके बाद आरोपी ने महिला को धक्का दिया और स्कूटी से मौके से फरार हो गया। अचानक हुई घटना से महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ीं।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

घटना के बाद आसपास के लोगों को जानकारी दी गई। पास में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने पर पूरी वारदात सामने आई। फुटेज में आरोपी स्कूटी से महिला के पास पहुंचता और रास्ता पूछने के बाद चेन झपटकर भागता दिखाई दे रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  एससी-एसटी छात्रों के लिए खुलेगा छात्रावास का रास्ता, शासन ने मंजूर किए 9.5 करोड़

पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी, चेन बरामद करने और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

यह भी पढ़ें 👉  कागजों से लेकर कक्षा तक जांचे जाएंगे आरटीई दाखिले, डीएम ने बनाई तीन सदस्यीय कमेटी

थाना प्रभारी शैंकी कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।