रुद्रपुर – सांसद अजय भट्ट ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिशा बैठक की मॉनिटरिंग स्वयं प्रधानमंत्री द्वारा की जाती है, इसलिए सभी विभाग योजनाओं को गंभीरता से लेते हुए उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
सांसद ने अधिकारियों से कहा कि सभी योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों को समय-समय पर उपलब्ध कराई जाए और योजनाओं का शुभारंभ व लोकार्पण भी जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर योजनाओं को धरातल पर उतारने पर जोर दिया ताकि जनता को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।
बैठक में शक्तिगढ़ के अधिशासी अधिकारी की अनुपस्थिति पर सांसद ने नाराजगी जताते हुए मुख्य विकास अधिकारी को उनसे स्पष्टीकरण लेने और वेतन रोकने के निर्देश दिए। वहीं काशीपुर क्षेत्र में विद्युत विभाग के कार्यों पर भी असंतोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी को कार्यों की समीक्षा कर पूरी रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

पेयजल और बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
सांसद भट्ट ने कहा कि गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है, इसलिए पेयजल और विद्युत विभाग अभी से पूरी तैयारी कर लें। उन्होंने पेयजल लाइनों और ओवरहेड टैंकों की मरम्मत के साथ जरूरत पड़ने पर टैंकरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही नलकूपों में लगे ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइनों को भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन की समीक्षा
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान सांसद ने कहा कि योजना के तहत खोदी गई सड़कों और पेयजल लाइनों की लीकेज को प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जाए। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
साथ ही आनंदखेड़ा, बेतखेड़ी और बुक्सौरा पेयजल योजनाओं की समीक्षा करते हुए लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई और वसूली करने को कहा। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि बुक्सौरा में पेयजल लाइन और ओवरहेड टैंक की लीकेज ठीक कर दी गई है।
सांसद ने जनपद के सभी नगर निकायों की पेयजल योजनाओं की डीपीआर तैयार करने के निर्देश भी दिए। अधिकारियों ने बताया कि अमृत योजना-2.0 के तहत नानकमत्ता की 30 करोड़ रुपये की पेयजल योजना का 45 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शक्तिगढ़ की 10 करोड़ रुपये की योजना पूर्ण हो गई है।
ईएसआईसी अस्पताल में डॉक्टरों की कमी पर चिंता
सांसद ने कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) अस्पताल की समीक्षा करते हुए डॉक्टरों और संसाधनों की कमी पर चिंता जताई। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि 21 विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद के सापेक्ष केवल तीन विशेषज्ञ चिकित्सक ही तैनात हैं। सांसद ने आवश्यक डॉक्टरों, स्टाफ और उपकरणों का प्रस्ताव जल्द तैयार कर भेजने के निर्देश दिए ताकि केंद्र सरकार स्तर पर मांग रखी जा सके।
रुद्रपुर बाईपास का कार्य 95 प्रतिशत पूरा
रुद्रपुर बाईपास निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान एनएचएआई अधिकारियों ने बताया कि लगभग 95 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और 20 मार्च के बाद इसे ट्रायल के लिए खोल दिया जाएगा। सांसद ने कहा कि वे अप्रैल के पहले सप्ताह में स्वयं बाईपास का निरीक्षण करेंगे। साथ ही छत्तरपुर अंडरपास निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
अन्य योजनाओं की भी हुई समीक्षा
बैठक में मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री सड़क योजना, किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, उज्ज्वला योजना, अमृत योजना, समग्र शिक्षा अभियान, पीएम पोषण योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, पंतनगर एयरपोर्ट सहित कई योजनाओं की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने सभी अधिकारियों को सांसद द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए कार्यों में तेजी लाने और आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।
बैठक में विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी सहित जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

