उत्तराखण्ड ज़रा हटके भीमताल

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर हाई अलर्ट पर पुलिस प्रशासन, चेकिंग और फ्रिस्किंग के निर्देश

ख़बर शेयर करें -

भीमताल – उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित जनपद नैनीताल दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने रामलीला ग्राउंड भीमताल में वीआईपी ड्यूटी में तैनात सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी-कर्मचारी पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

यह भी पढ़ें 👉  ₹2.50 करोड़ की जनजातीय विकास निधि परियोजना से बाड़ी विकास, बकरी पालन और स्वरोजगार गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा

ब्रीफिंग के दौरान कार्यक्रम स्थल, वीआईपी मार्गों तथा आसपास के क्षेत्रों में सख्त सुरक्षा घेरा एवं एक्सेस कंट्रोल लागू करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को वीआईपी प्रोटोकॉल के मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष नजर रखने, प्रभावी चेकिंग एवं फ्रिस्किंग अभियान चलाने तथा संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।

यह भी पढ़ें 👉  कालाढूंगी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चंद घंटों में मोटरसाइकिल चोरी का खुलासा

आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए यातायात पुलिस एवं सीपीयू को सुव्यवस्थित ट्रैफिक प्लान लागू करने तथा यातायात संचालन को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही वीआईपी मूवमेंट से पूर्व मार्गों पर मौजूद सभी प्रकार की रुकावटों को हटाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी में तैनात सभी पुलिसकर्मियों को आगंतुकों एवं आमजन के साथ शालीन, संयमित एवं विनम्र व्यवहार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के साथ-साथ जनता के प्रति संवेदनशीलता भी पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

यह भी पढ़ें 👉  आंगनबाड़ी केंद्रों की मजबूती पर फोकस, भीमताल में हुई समीक्षा बैठक

इसके अतिरिक्त क्षेत्राधिकारी विमल प्रसाद द्वारा नैनीताल में वीआईपी ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी ब्रीफिंग देते हुए सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और वीआईपी प्रोटोकॉल से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार, क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल, क्षेत्राधिकारी नैनीताल अंजना नेगी, क्षेत्राधिकारी (यूटी) अंकित थपलियाल, प्रभारी निरीक्षक भीमताल राजेश यादव, यातायात निरीक्षक भवाली महेश चंद्रा सहित वीआईपी ड्यूटी में तैनात अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।