बागेश्वर/कौसानी। कौसानी थाना क्षेत्र के भोजगण गांव में 21 वर्षीय विवाहिता की मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। पुलिस को मृतका के हाथ से लिखा एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए सीधे तौर पर पति को जिम्मेदार ठहराया है। सुसाइड नोट मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच और तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार भोजगण गांव निवासी रूपा देवी (21) पत्नी अमित सिंह का शव मंगलवार को गांव स्थित गोशाला के भीतर फांसी के फंदे से लटका मिला था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को मृतका के हाथ का लिखा एक भावुक सुसाइड नोट मिला है। नोट में रूपा देवी ने अपने पति पर बेवफाई और चरित्रहीनता के झूठे आरोप लगाने का उल्लेख किया है। उसने लिखा है कि उसने परिवार और गृहस्थ जीवन को बचाने के लिए हर संभव प्रयास किए, मंदिरों में जाकर मन्नतें मांगीं, लेकिन इसके बावजूद उसे सम्मान और विश्वास नहीं मिला।

सुसाइड नोट में मृतका ने यह भी लिखा है कि परिवार के अन्य सदस्यों ने भी उसे कभी अपनापन नहीं दिया और उसे नौकरानी की तरह समझा गया। लगातार मानसिक प्रताड़ना और अपमान से आहत होकर उसने यह कदम उठाने की बात कही है।
इस मामले में मृतका की मां गीता देवी पहले ही कई गंभीर सवाल उठा चुकी हैं। हालांकि अभी तक मायके पक्ष अथवा अन्य किसी व्यक्ति की ओर से पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं सौंपी गई है।
क्षेत्राधिकारी बागेश्वर अजय लाल साह ने बताया कि मौके से मिले सुसाइड नोट की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।

