बेतालघाट/नैनीताल – ‘विकसित भारत संकल्प अभियान’ के अंतर्गत शुक्रवार को विकासखंड सभागार बेतालघाट में जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, छात्र कल्याण एवं भाषा विभाग के मंत्री तथा जनपद नैनीताल के प्रभारी मंत्री खजान दास ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग कर क्षेत्रीय जनता की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री खजान दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को प्राथमिकता देते हुए विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि जन संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
मंत्री ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और आम जनता से संवाद करते हुए सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, सिंचाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

जनसंवाद कार्यक्रम में कृषि, समाज कल्याण, राजस्व, उद्योग, बाल विकास, पंचायती राज, पशुपालन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा सिंचाई विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा शिविर लगाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।
इस दौरान क्षेत्रवासियों ने बेतालघाट स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से उठाई। इस पर प्रभारी मंत्री ने दूरभाष पर स्वास्थ्य मंत्री से वार्ता कर क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि शीघ्र ही स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित कर सुविधा शुरू की जाएगी।
क्षेत्रवासियों ने रामनगर-अमगढ़ी-ओखलाढूंगा-बेतालघाट-रतौड़ा-रिची मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं हॉटमिक्स की मांग भी रखी। मंत्री खजान दास ने आश्वासन दिया कि इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना के लिए जल्द धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनपद और क्षेत्र के विकास से जुड़े जो भी प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति प्रदान की जाएगी। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जाए।
मंत्री ने कहा कि समाज कल्याण विभाग वर्तमान में आठ प्रकार की पेंशन योजनाएं संचालित कर रहा है और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पेंशन राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में ऑनलाइन हस्तांतरित की जा रही है, जिससे पारदर्शिता और सुविधा दोनों बढ़ी हैं।
कार्यक्रम के अंत में प्रभारी मंत्री ने उपस्थित लोगों को नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई और समाज को नशामुक्त बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विधायक सरिता आर्या, दर्जा राज्यमंत्री दिनेश आर्य, शांति महरा, भावना मेहरा, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रताप बोहरा, जिला पंचायत सदस्य तरुण शर्मा, उपजिलाधिकारी श्री कैंचीधाम दिव्यांशु मीणा, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, खंड विकास अधिकारी पंकज जोशी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

