नैनीताल – ऐतिहासिक नंदा देवी महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के नेतृत्व में पुलिस बल मेला क्षेत्र में सक्रिय है और कानून-व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर लगातार नजर रखी जा रही है।
ड्रोन कैमरों से निगरानी
मेला क्षेत्र और आसपास के स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए ड्रोन टीमों को तैनात किया गया है। ड्रोन कैमरों के माध्यम से भीड़ और प्रमुख स्थानों की लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस आधुनिक तकनीक की मदद से किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर बनाए हुए है।
भीड़ प्रबंधन और महिला सुरक्षा पर विशेष जोर
महोत्सव में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और महिला सुरक्षा के लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस की सभी टीमें आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी न हो।

संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की अपील
नैनीताल पुलिस ने आमजन और श्रद्धालुओं से महोत्सव के दौरान पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि यदि किसी को कोई लावारिस वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देता है तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिसकर्मी या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।
नैनीताल पुलिस का कहना है कि महोत्सव के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखना और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस बल लगातार मुस्तैद रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहा है।

