जसपुर – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जसपुर पुलिस ने अवैध शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 83 पाउच (लगभग 29 लीटर) अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अपराध, पुलिस अधीक्षक काशीपुर के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी काशीपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राजेश पाण्डेय के नेतृत्व में जसपुर पुलिस टीम 8 जुलाई 2026 को गश्त एवं चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान हाईवे से गढ़ी हुसैन की ओर जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक सफेद प्लास्टिक के कट्टे में रखे 83 पाउच अवैध कच्ची शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सतनाम सिंह (45 वर्ष) पुत्र भजन सिंह, निवासी ग्राम गढ़ी हुसैन, थाना जसपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कोतवाली जसपुर में मुकदमा अपराध संख्या 263/2026 के तहत धारा 60(1) आबकारी अधिनियम में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से लगभग 29 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई है। जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है और ऐसे तत्वों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक ललित सिंह, कांस्टेबल कुलदीप सिंह तथा कांस्टेबल विपिन चन्द्र शामिल रहे।

