उत्तराखण्ड ज़रा हटके नैनीताल

जनता की चौखट पर पहुंची सरकारी सेवाएं, ढोलीगांव में 424 लोगों को मिला सीधा लाभ

ख़बर शेयर करें -

भीमताल – विकासखंड ओखलकांडा के राजकीय इंटर कॉलेज ढोलीगांव में बुधवार को जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन तथा जलागम प्रबंधन मंत्री राम सिंह कैड़ा की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं रखीं।

शिविर में कुल 68 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 57 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में गोला नदी ने छीनी मासूम की जिंदगी, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

175 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, आठ दिव्यांग प्रमाणपत्र जारी

शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से 175 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वहीं आठ दिव्यांग प्रमाणपत्र जारी किए गए। इसके अलावा 35 बीपीएल कार्ड बनाए गए तथा महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गईं। विभिन्न विभागों की सेवाओं और योजनाओं के माध्यम से शिविर में कुल 424 लोगों को सीधे लाभ मिला।

एक ही छत के नीचे मिलीं कई विभागों की सेवाएं

शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। राजस्व, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, समाज कल्याण, लोक निर्माण, सिंचाई, लघु सिंचाई, पेयजल निगम, जल संस्थान, ऊर्जा निगम, पशुपालन, बाल विकास, उरेडा, खाद्य एवं आपूर्ति तथा ई-डिस्ट्रिक्ट सहित कई विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें 👉  भीमताल झील में लहराया तिरंगा, नावों पर निकली राष्ट्रभक्ति की अनूठी यात्रा

अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ : कैड़ा

शिविर को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं और सरकारी सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और विद्युत जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्वयं लोगों की समस्याएं क्रमवार सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं था, उनके लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए।

यह भी पढ़ें 👉  ऑपरेशन प्रहार में पुलिस की बड़ी कामयाबी, लंबे समय से फरार वारंटी गिरफ्तार

शिविर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष कुमार पंत, जिला पंचायती राज अधिकारी सुरेंद्र बैनी, जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम, मंडल अध्यक्ष नरेश नयाल, खंड विकास अधिकारी केएस सामंत समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, कर्मचारी और क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।