उत्तराखण्ड ज़रा हटके देहरादून

बम धमाकों की धमकी के बाद अलर्ट मोड में दून पुलिस, जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान

ख़बर शेयर करें -

देहरादून – सोशल मीडिया के माध्यम से जनपद के विभिन्न थाना परिसरों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद देहरादून पुलिस पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देश पर पूरे जनपद में व्यापक सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों और अंतरराज्यीय सीमाओं तक पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार सघन चेकिंग अभियान में जुटी हुई हैं।

एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देशानुसार देर रात से लेकर सुबह तड़के तक सभी क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीमें विभिन्न स्थानों पर वाहनों की आकस्मिक जांच कर रही हैं। अभियान के तहत शहर में प्रवेश करने वाले तथा बाहर जाने वाले वाहनों की गहन तलाशी ली जा रही है, जबकि संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनके पहचान पत्र एवं सत्यापन संबंधी दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  गांधी-शास्त्री जयंती पर ध्रुव रौतेला ने अर्पित किए श्रद्धासुमन

पुलिस ने अंतरराज्यीय एवं अंतर्जनपदीय सीमाओं के साथ-साथ जनपद के आंतरिक मार्गों पर भी सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ कर दिया है। संवेदनशील स्थानों, प्रमुख चौराहों और बॉर्डर क्षेत्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

अभियान के दौरान संदिग्ध वाहनों, सामान और व्यक्तियों की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते विफल किया जा सके। पुलिस का उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को पूरी तरह समाप्त करना है।

यह भी पढ़ें 👉  साइबर ठगी से बचाव के लिए पुलिस ने विद्यार्थियों और आमजन को किया जागरूक

इस विशेष अभियान की निगरानी स्वयं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी कर रहे हैं। सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहकर चेकिंग अभियान का निरीक्षण कर रहे हैं तथा सुरक्षा व्यवस्था का लगातार जायजा ले रहे हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अभियान में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए और प्रत्येक संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं के हजारों परिवारों के लिए राहत की खबर, वर्ग-4 भूमि के विनियमितीकरण को मंजूरी

देहरादून पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।