हल्द्वानी – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत हल्द्वानी पहुंचे। एफटीआई हेलीपैड पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा विभिन्न जनसमस्याओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने लोगों द्वारा रखी गई समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जनसमस्याओं के निस्तारण में अनावश्यक देरी न हो और लोगों को अपनी समस्याओं के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
मुख्यमंत्री के हल्द्वानी पहुंचने पर कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे समेत विभिन्न जनप्रतिनिधियों और दर्जा प्राप्त राज्य मंत्रियों ने उनका स्वागत किया।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से क्षेत्र की व्यवस्थाओं और जनसमस्याओं से संबंधित जानकारी भी ली तथा जनहित से जुड़े मामलों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

