भवाली – सड़क सुरक्षा और शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत भवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चेकिंग के दौरान पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चला रहे चालक समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया। वाहन में सवार पांच अन्य लोगों पर शोर-शराबा कर सार्वजनिक न्यूसेंस उत्पन्न करने के आरोप में कार्रवाई की गई, जबकि वाहन को सीज कर दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिलेभर में नशे में वाहन चलाने और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक यातायात/नैनीताल जगदीश चंद्र एवं क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक भवाली प्रकाश सिंह मेहरा के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई की।
चेकिंग में पकड़ी कार, अंदर मचा रहे थे शोर-शराबा

उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी खैरना सतीश उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वाहन संख्या UK04-AS-9619 को रोककर जांच की गई। पुलिस के मुताबिक वाहन चालक शराब के नशे में गाड़ी चला रहा था, जबकि कार में सवार उसके पांच साथी शोर-शराबा कर सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित कर रहे थे।
पुलिस सभी छह लोगों को मेडिकल परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी लेकर गई। जांच में चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
वाहन सीज, पांच अन्य पर भी कार्रवाई
पुलिस ने चालक विकास कुमार के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन सीज कर दिया। वहीं कार में सवार अन्य पांच लोगों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
कार्रवाई में चालक विकास कुमार के अलावा पारस मेहरा (22), अनुज सागर (24), बृजेश कुमार (23), चंदन आर्य (21) और अशोक कोहली (37) को गिरफ्तार किया गया। सभी जवाहर ज्योति, दमुवाढूंगा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
‘नशे में स्टेयरिंग थामा तो पुलिस का शिकंजा तय’
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शराब पीकर वाहन चलाना केवल चालक ही नहीं, बल्कि सड़क पर चलने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जान को खतरे में डालता है। नशे में वाहन चलाने और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

