रामनगर – जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और लोगों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सोमवार को रामनगर के खताड़ी स्थित मीट एवं मिठाई की दुकानों में व्यापक निरीक्षण और सैंपलिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान कुल सात खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड और जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर वरिष्ठ खाद्य संरक्षा अधिकारी रामनगर एवं कालाढूंगी असलम खान के नेतृत्व में टीम ने प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, स्वच्छता मानकों और खाद्य पदार्थों के भंडारण की व्यवस्था की जांच की। टीम ने कारोबारियों को नियमित रूप से साफ-सफाई रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।
मिठाई का नमूना जांच के लिए भेजा
अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए मिठाई का एक नमूना नियमानुसार लिया गया। नमूने को जांच के लिए फूड लैब भेज दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

छह मीट कारोबारियों को सुधारात्मक नोटिस
निरीक्षण के दौरान छह मीट कारोबारियों द्वारा मौके पर वैध खाद्य लाइसेंस या पंजीकरण प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इस पर संबंधित कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 31(2) के तहत सात दिन का सुधारात्मक नोटिस जारी किया गया। उन्हें निर्धारित अवधि में लाइसेंस बनवाने अथवा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में लाइसेंस नहीं बनवाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 58/63 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग के अनुसार प्रावधानों के तहत जुर्माने का भी प्रावधान है।
मीट मार्केट में सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश
वरिष्ठ खाद्य संरक्षा अधिकारी असलम खान ने खाद्य कारोबारियों को बिना लाइसेंस कारोबार नहीं करने और उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट या स्वच्छता के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इसके साथ ही नगरपालिका को खताड़ी स्थित मीट मार्केट में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इनमें ढक्कनयुक्त डस्टबिन, दुकानों में शीशे, मीट टांगने के लिए स्टेनलेस स्टील के पाइप और हुक्स सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं शामिल हैं।
संयुक्त कार्रवाई टीम में नगरपालिका के सफाई निरीक्षक लल्ला मियां, कर निरीक्षक शिखा आर्य, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के वरिष्ठ खाद्य संरक्षा अधिकारी असलम खान सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे। कार्रवाई की दैनिक रिपोर्ट आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और जिलाधिकारी कार्यालय को भेजी जा रही है।

