उत्तराखण्ड भीमताल

रात में लापता युवक की सुबह मिली लाश, ट्रांसफार्मर के पास शव मिलने से हड़कंप

ख़बर शेयर करें -

भीमताल – गोलूधार सोसायटी में बृहस्पतिवार सुबह ट्रांसफार्मर के पास एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर भीमताल पुलिस मौके पर पहुंची। प्रथम दृष्टया पुलिस ने करंट लगने से युवक की मौत होने की आशंका जताई है। मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।

पुलिस के अनुसार सुबह स्थानीय लोगों ने ट्रांसफार्मर के पास युवक का शव पड़ा देखा। इसकी सूचना तत्काल भीमताल पुलिस और ऊर्जा निगम को दी गई। सूचना पर एसआई महेंद्र राज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

यह भी पढ़ें 👉  काठगोदाम पुलिस की त्वरित कार्रवाई, ज्वेलर्स से चोरी हुई सोने की चेन बरामद; दो गिरफ्तार

एसआई महेंद्र राज ने बताया कि शव बिजली के पोल पर लगे ट्रांसफार्मर के समीप मिला है। परिस्थितियों को देखते हुए प्रथम दृष्टया युवक की मौत करंट लगने से होने की आशंका है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

कुक का काम करता था मृतक

पुलिस ने मृतक की पहचान अमर राम (39) पुत्र बच्ची राम, निवासी घूरकूना, पोस्ट ऑफिस अंडोली, अल्मोड़ा के रूप में की है। बताया गया कि अमर राम गोलूधार में आकाश कपूर के घर पर कुक का काम करता था।

यह भी पढ़ें 👉  ‘जागते रहो, तुम जागो जागते रहो’ से साइबर ठगों पर वार, पुलिस ने गीत के जरिए किया लोगों को जागरूक

आकाश कपूर के मुताबिक, बुधवार शाम करीब छह बजे अमर राम ने फोन कर बताया था कि वह बाल कटवाने जा रहा है। करीब आधे घंटे बाद जब उसे फोन किया गया तो उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद रात करीब आठ बजे क्षेत्र की बिजली भी गुल हो गई थी।

यह भी पढ़ें 👉  मिठाइयों में मिलावट पर कसेगा शिकंजा, रक्षाबंधन-जन्माष्टमी से पहले हल्द्वानी में खाद्य विभाग का विशेष अभियान

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।