नैनीताल – किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान में बेतालघाट ब्लॉक ने निर्धारित लक्ष्य का शत-प्रतिशत हासिल कर लिया है। ब्लॉक में चिन्हित सभी 296 पात्र लाभार्थियों का टीकाकरण पूरा कर लिया गया है।
बेतालघाट ब्लॉक की इस उपलब्धि पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत टीकाकरण सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। इसमें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में अहम कदम
सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि HPV टीकाकरण किशोरियों को भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने जिले के अन्य विकासखंडों से भी अपने निर्धारित पात्र लाभार्थियों का प्राथमिकता के आधार पर टीकाकरण पूरा कर जल्द शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने की अपील की।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को पात्र लाभार्थियों की पहचान, अभिभावकों की काउंसलिंग और टीकाकरण की प्रक्रिया को लगातार गति देने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी टीकाकरण से वंचित न रहे।
बेतालघाट ब्लॉक की शत-प्रतिशत उपलब्धि को स्वास्थ्य विभाग ने अन्य विकासखंडों के लिए प्रेरणादायी बताया है। विभाग का लक्ष्य जिले में अभियान के तहत सभी पात्र लाभार्थियों तक टीकाकरण की सुविधा पहुंचाना है।

