उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

बुजुर्गों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधाओं पर मंथन, अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी  – वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधाओं को लेकर सोमवार को नगर निगम सभागार में वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष नवीन वर्मा और अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने की। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

परिषद के उपाध्यक्ष नवीन वर्मा ने कहा कि सरकार वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। वरिष्ठ नागरिक समाज और सरकार के महत्वपूर्ण आधार स्तंभ हैं। उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए बेहतर सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाएं, बैंकों में वरीयता, सुरक्षित फुटपाथ और सुगम आवागमन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी होगी आसान, युवाओं को मिलेगी मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग

विभागवार तय होगी समस्याओं के समाधान की समयसीमा

अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ लेते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर समस्याओं का समाधान किया जाए। इसके लिए विभागवार समय-सीमा निर्धारित की जाए, ताकि वरिष्ठ नागरिकों को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

बैठक में वरिष्ठ नागरिकों ने सुरक्षा एवं आपातकालीन व्यवस्था को और मजबूत करने, बीट पुलिस की नियमित विजिट, वरिष्ठ नागरिकों से संबंधित मामलों के समन्वय के लिए पुलिस विभाग में नोडल अधिकारी नियुक्त करने की मांग रखी। इसके अलावा शहर में सुगम आवागमन, अतिक्रमण मुक्त व्यवस्था, सार्वजनिक स्वच्छता, शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था तथा वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त करने का आग्रह किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  बारिश ने बढ़ाई पहाड़ की मुश्किलें, भूस्खलन से दर्जनों मार्ग बंद; मैदानी इलाकों में जलभराव का खतरा

साइबर ठगी से रहें सावधान, तुरंत करें 1930 पर कॉल

पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने वरिष्ठ नागरिकों को साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को लेकर जागरूक किया। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी आए दिन वरिष्ठ नागरिकों को निशाना बना रहे हैं। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने या संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।

उन्होंने ऐसे वरिष्ठ नागरिकों से भी संबंधित थाने में अपना नाम और मोबाइल नंबर दर्ज कराने की अपील की, जिनके बच्चे बाहर रहते हैं और वे अपने घर में अकेले रहते हैं। उन्होंने कहा कि इससे आपात स्थिति में पुलिस को तत्काल संपर्क करने में मदद मिलेगी। किसी भी आपात स्थिति में 112 पुलिस हेल्पलाइन पर संपर्क किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें 👉  6.93 लाख मतदाताओं वाले जिले में SIR की कवायद तेज, 2.35 लाख नोटिसों की सुनवाई पूरी

बैठक में वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, सार्वजनिक सुविधाओं, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और नगर निगम से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को समस्याओं का आपसी समन्वय से समाधान करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति के अध्यक्ष भुवन भास्कर पांडे, डीके पांडे, एसडीएम मोनिका, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा बिष्ट सहित स्वास्थ्य, समाज कल्याण, नगर निगम, पेयजल, विद्युत और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।