देहरादून – उत्तराखंड शासन में एक बार फिर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। शासन ने छह आईएएस अधिकारियों के विभागीय दायित्वों में बदलाव करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 की ओर से 17 नवंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार यह फेरबदल तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
शासनादेश के मुताबिक, नितेश कुमार झा को सचिव, पंचायती राज विभाग के पदभार से मुक्त कर दिया गया है। हालांकि, वह सचिव, शहरी विकास विभाग की जिम्मेदारी पूर्ववत संभालते रहेंगे।
वहीं, सी. रविशंकर (आईएएस-2009) को सचिव, सैनिक कल्याण विभाग की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले उनके पास आवास विकास एवं पर्यावरण संरक्षण तथा जलवायु परिवर्तन विभाग का दायित्व था।

उमेश नारायण पाण्डेय बने सचिव, पंचायती राज
युगल किशोर पंत (आईएएस-2009) को सचिव, सैनिक कल्याण विभाग के पदभार से मुक्त कर दिया गया है। उनके अन्य विभागीय दायित्व पहले की तरह बने रहेंगे। वहीं, उमेश नारायण पाण्डेय (आईएएस-2010) को सचिव, पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विनीत कुमार को अल्पसंख्यक कल्याण की जिम्मेदारी
इसके अलावा विनीत कुमार (आईएएस-2013) को निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण, देहरादून और प्रबंध निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण निगम नियुक्त किया गया है। इन दोनों पदों से दीप्ति सिंह (आईएएस-2017) को अवमुक्त कर दिया गया है।
अपर सचिव कार्मिक एवं सतर्कता नवनीत पाण्डे की ओर से जारी आदेश में संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां संभालने के निर्देश दिए गए हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत पंचायती राज, सैनिक कल्याण और अल्पसंख्यक कल्याण विभागों में दायित्वों का पुनर्वितरण किया गया है।

