धारी – आजादी के बाद से सड़क सुविधा का इंतजार कर रहे धारी ब्लॉक के महतोलियागांव-नदगल के ग्रामीणों के लिए आखिरकार राहत की खबर आई है। वर्षों से चली आ रही मोटर मार्ग की मांग अब धरातल पर उतर गई है। क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को मोटर मार्ग निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। सड़क का काम शुरू होने पर ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने मंत्री कैड़ा का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत कर आभार जताया।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें वर्षों से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। गांव से मुख्य मार्ग तक सामान पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को पैदल सफर करना पड़ता था। गंभीर रूप से बीमार मरीजों को घोड़े अथवा कंधे के सहारे मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता था। वहीं किसानों के सामने अपनी उपज को मंडी तक पहुंचाने की बड़ी चुनौती रहती थी। परिवहन के लिए होने वाला भारी खर्च उनकी कमाई का बड़ा हिस्सा ले जाता था।
ग्रामीणों के मुताबिक मोटर मार्ग निर्माण के लिए पूर्व में कई जनप्रतिनिधियों के समक्ष मांग रखी गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया। इसके बाद ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा के सामने अपनी समस्या रखी। मंत्री ने ग्रामीणों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए मोटर मार्ग निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई।

मंत्री कैड़ा की पहल पर पहले वन एवं पर्यावरण विभाग से आवश्यक स्वीकृति प्राप्त की गई। इसके बाद मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत विभागीय अधिकारियों को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने मुख्यमंत्री के समक्ष भी सड़क निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत करने का आग्रह किया। शासन से धनराशि स्वीकृत होने के बाद अब मोटर मार्ग का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।
सड़क बनने से दूर होंगी ग्रामीणों की मुश्किलें
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मोटर मार्ग का निर्माण पूरा होने के बाद ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि क्षेत्र के हर गांव को सड़क सुविधा से जोड़ा जाए और इसी दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
निर्माण कार्य शुरू होने पर क्षेत्र के लोगों ने मंत्री कैड़ा का ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से स्वागत किया। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क सुविधा मिलने से आवागमन आसान होने के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि से जुड़ी समस्याओं में भी बड़ी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष कृष्ण चंद्र, ब्लॉक प्रमुख भावना आर्य, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख जीवन बर्गली, ललित मोहन शर्मा, प्रकाश चंद्र नानू, निर्मल बर्गली, अनिल कुमार और विवेक डंगवाल समेत ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

