कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार को नया अध्याय जुड़ गया, जब शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में उन्होंने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
शपथ ग्रहण समारोह को भाजपा के लिए ऐतिहासिक क्षण माना जा रहा है। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक और विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह दिन बंगाल और देश दोनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इच्छा थी कि नई सरकार रवींद्र जयंती के अवसर पर कार्यभार संभाले। इसी भावना के साथ गुरु रवींद्रनाथ टैगोर को नमन करते हुए उन्होंने संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ ली।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों पर चलने वाली पार्टी को किसी प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा, “अब मैं मुख्यमंत्री हूं और सबका हूं। जो लोग अब भी जनादेश पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें सद्बुद्धि मिले।”
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि बंगाल को शिक्षा, संस्कृति और विकास के क्षेत्र में काफी नुकसान झेलना पड़ा है, लेकिन अब राज्य को नई दिशा देने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी है और बंगाल को फिर से मजबूत एवं विकसित राज्य बनाया जाएगा।
इस अवसर पर दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडू और निशीथ प्रमाणिक ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

