हल्द्वानी – मुख्यमंत्री के ‘मिशन ड्रग फ्री देवभूमि’ और ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नैनीताल पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एसओजी और कोतवाली हल्द्वानी की संयुक्त टीम ने मंडी क्षेत्र में एक युवक को 216 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 64 लाख 80 हजार रुपये है।
पुलिस के मुताबिक, 16 नवंबर 2026 को हल्द्वानी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान मंडी क्षेत्र स्थित पीडब्ल्यूडी गेट के पास एक युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 216 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी की पहचान सतीश कुमार (30) पुत्र ईश्वरी प्रसाद, निवासी ग्राम गालिबपुर, थाना डिबाई, जिला बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
बुलंदशहर से खरीदकर हल्द्वानी लाया था स्मैक

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हल्द्वानी बड़ी मंडी में सब्जी का कारोबार करता है। पुलिस के अनुसार, उसने पैसे कमाने के लालच में अपने गांव के एक व्यक्ति के कहने पर बुलंदशहर से स्मैक खरीदी और उसे हल्द्वानी लेकर आया था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 392/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी हिमाचल प्रदेश में भी एनडीपीएस के एक मामले में पूर्व में जेल जा चुका है। उसके आपराधिक इतिहास का विस्तृत ब्योरा जुटाया जा रहा है।
एसएसपी ने टीम को किया पुरस्कृत
यह कार्रवाई एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी लव शर्मा के पर्यवेक्षण में की गई। अभियान में कोतवाली हल्द्वानी के प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता और एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सौन के नेतृत्व में पुलिस टीम शामिल रही।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल कुंदन कठायत, हेड कांस्टेबल त्रिलोक रौतेला, कांस्टेबल भूपेंद्र जेष्ठा और कांस्टेबल भानू ओली शामिल रहे। एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम के इस कार्य की सराहना करते हुए 2,000 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।

