उत्तराखण्ड काशीपुर ज़रा हटके

चीमा चौराहे के पास भीषण अग्निकांड, 80 लाख के फर्नीचर पर संकट; आसपास के घर कराए खाली

ख़बर शेयर करें -

काशीपुर – चीमा चौराहे के समीप बुधवार रात एक दो मंजिला फर्नीचर गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी विकराल थी कि दो घंटे से अधिक समय तक दमकल विभाग की टीमें उस पर काबू पाने के लिए जूझती रहीं। आग बुझाने के लिए नौ अग्निशमन वाहनों के साथ 100 से अधिक दमकलकर्मी और पुलिसकर्मी मोर्चे पर डटे रहे। गोदाम के ढहने की आशंका को देखते हुए आसपास के 15 मकानों को एहतियातन खाली करा लिया गया।

रात 10:45 बजे गोदाम से उठने लगा धुआं

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 10:45 बजे चीमा चौराहे से लगभग 50 मीटर अंदर स्थित गली में बने दो मंजिला गोदाम से अचानक धुआं उठने लगा। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना गोदाम स्वामी एवं फर्नीचर कारोबारी जीवन सिंह उर्फ डड्डू को दी। उनके मौके पर पहुंचने तक गोदाम से आग की ऊंची लपटें निकलने लगी थीं। उन्होंने तत्काल फायर सर्विस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। शुरुआत में दो अग्निशमन वाहनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग की विकरालता को देखते हुए वाहनों की संख्या पहले पांच और फिर बढ़ाकर नौ कर दी गई। इसके बावजूद रात करीब 12:30 बजे तक आग लगातार धधकती रही।

यह भी पढ़ें 👉  पहाड़ी शहरों को मिलेगी हिमालयी पहचान, पर्यटन और रोजगार बढ़ाने के लिए केंद्र की नई पहल

15 मकानों पर मंडराया खतरा, लोगों ने खाली किए घर

गोदाम में लगी आग की लपटों और आसपास के मकानों तक आग पहुंचने की आशंका के चलते पुलिस-प्रशासन ने गली में स्थित करीब 15 मकानों को खाली कराने के निर्देश दिए। सुरक्षा के लिहाज से लोग घरों से बाहर निकल आए। पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और स्थानीय लोग भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करते नजर आए।

यह भी पढ़ें 👉  नारायण सिंह जंतवाल और ‘लच्छू दा’ को श्रद्धांजलि, सांस्कृतिक कार्यक्रम व नौकायन प्रतियोगिता रद्द

70 से 80 लाख रुपये का फर्नीचर होने का अनुमान

बताया जा रहा है कि गोदाम में करीब 70 से 80 लाख रुपये का लकड़ी और प्लास्टिक का फर्नीचर रखा हुआ था। दोनों ही सामग्री ज्वलनशील होने के कारण आग तेजी से फैलने का अनुमान जताया जा रहा है। आग से गोदाम को भारी नुकसान की आशंका है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आकलन आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही हो सकेगा।

तंग गलियों ने बढ़ाई दमकलकर्मियों की मुश्किल

चीमा चौराहे से सटी गलियां काफी संकरी हैं। ऐसे में दमकल के बड़े वाहनों को मौके तक पहुंचाने और एक साथ खड़ा करने में काफी परेशानी हुई। अग्निशमन वाहन एक-एक कर गली में पहुंच सके, जिससे एक साथ कई वाहनों से पानी की बौछार करना चुनौतीपूर्ण रहा। दमकल विभाग ने आसपास की फैक्ट्रियों से भी अग्निशमन वाहन मंगवाए।

यह भी पढ़ें 👉  नदियों में गंदा पानी छोड़ा तो होगी कार्रवाई, केंद्रीय मंत्री ने नगर निकायों को दिए सख्त निर्देश

एफएसओ श्याम सिंह के अनुसार, यदि गली चौड़ी होती तो पांच-छह वाहनों की मदद से एक साथ पानी की बौछार कर आग पर आसानी से काबू पाया जा सकता था। उन्होंने बताया कि आग की स्थिति बेहद भयावह थी। निचले तल पर आग की तीव्रता कुछ कम हुई, जबकि ऊपरी मंजिल पर आग बुझाने में कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

सीओ काशीपुर प्रशांत कुमार ने बताया कि पुलिस बल मौके पर तैनात है और आसपास के लोगों को सतर्क किया जा रहा है। गोदाम के ढहने की आशंका के चलते सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।