भीमताल, – विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग मित्र समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के औद्योगिक संगठनों और उद्यमियों ने अपनी समस्याएं रखीं। इनमें सड़क, विद्युत, जलापूर्ति, प्रदूषण अनापत्ति, बैंक ऋण, जीएसटी, श्रम और परिवहन से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में उद्योगों के अनुकूल वातावरण तैयार करना जरूरी है, ताकि औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो सकें।
उद्योग मित्र पोर्टल की शिकायतों पर नजर रखने के निर्देश
सीडीओ ने महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र को उद्योग मित्र पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की नियमित निगरानी करने और उनका समय पर समाधान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) सहित अन्य विभागीय योजनाओं के माध्यम से पात्र उद्यमियों को लाभान्वित करने पर भी जोर दिया।

बैठक में महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र पल्लवी गुप्ता ने जनपद में उद्योगों की वर्तमान स्थिति और प्रगति की जानकारी दी। इस दौरान बाजूनियाहल्दु-पतलिया से कोटाबाग के लिए वैकल्पिक मोटर मार्ग विकसित करने तथा सूर्या गांव-सातताल और डानपरेवा मार्गों से संबंधित निर्माण कार्यों पर भी चर्चा हुई। इन कार्यों को लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जाना है।
भीमताल में कचरा उठाने की व्यवस्था सुधारने के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी ने सिडकुल के क्षेत्रीय प्रबंधक को भीमताल क्षेत्र में कचरा उठाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संबंधित अधिकारी को भीमताल क्षेत्र में आवंटित और रिक्त प्लॉटों के साथ बकायेदारों की सूची तैयार कर सोमवार तक साझा करने को कहा गया।
बैठक में अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद भीमताल के अनुपस्थित रहने पर सीडीओ ने गहरी नाराजगी जताई।
उद्योगों से जुड़े विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र पल्लवी गुप्ता सहित सिडकुल, विद्युत, लोक निर्माण, श्रम, प्रदूषण नियंत्रण, नगर पालिका, जल संस्थान, पेयजल निगम, परिवहन, खनन, जीएसटी और जिला अग्रणी बैंक के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा कुमाऊं-गढ़वाल चैंबर ऑफ कॉमर्स, सिडकुल मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन और विभिन्न औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भी भाग लिया।

