उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

न्यायालय की सुनवाई से पहले बनभूलपुरा में सुरक्षा कड़ी, पुलिस बल को दिए निर्देश

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – रेलवे भूमि मामले में सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से पहले नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में पुलिस ने बनभूलपुरा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसी क्रम में कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में बनभूलपुरा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की गई। ब्रीफिंग की अध्यक्षता एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र ने की। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान सतर्कता बरतने, आपसी समन्वय बनाए रखने और किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

ब्रीफिंग के दौरान एसपी सिटी मनोज कत्याल, एसपी संचार/ऑफिस रेवाधर मठपाल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, पुलिस उपाधीक्षक बलजीत सिंह भाकुनी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात किया गया अतिरिक्त बल

पुलिस के अनुसार सुनवाई के बाद की परिस्थितियों को देखते हुए शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न स्तरों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसमें 2 सुपर जोन, 4 जोन, 2 एसपी, 5 सीओ, 15 इंस्पेक्टर/एसओ, 10 प्रभारी निरीक्षक/चौकी प्रभारी, 45 एसआई/अपर एसआई, 10 महिला एसआई/अपर एसआई, 182 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल और 47 महिला हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल शामिल हैं। इसके अलावा पीएसी की दो कंपनियां और ड्रोन की दो टीमें भी तैनात रहेंगी।

यह भी पढ़ें 👉  भारी बारिश से भीमताल में भारी नुकसान, कैड़ा ने मुख्यमंत्री से की विशेष राहत की मांग

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए अग्निशमन विभाग की चार यूनिट, यातायात पुलिस की चार टीमें, बम निरोधक दस्ते की एक टीम, हॉक पुलिस की दो यूनिट, टियर गैस की दो टीमें, एंटी रायट की दो टीमें और फायरिंग स्क्वाड की दो टीमें भी तैयार रखी गई हैं।

यह भी पढ़ें 👉  फर्जी आर्मी आईडी और AI से बनी तस्वीरें, सोशल मीडिया का ‘मेजर’ पुलिस के हत्थे चढ़ा

ड्रोन और सोशल मीडिया से भी निगरानी

पुलिस द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में धरातलीय निगरानी के साथ ड्रोन के माध्यम से भी नजर रखी जाएगी। ड्रोन से छतों, गलियों और अन्य संवेदनशील स्थानों की निगरानी की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली सूचनाओं और गतिविधियों पर भी नजर रखने की बात कही गई है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाने, भ्रामक अथवा भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी प्रयास पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

संवेदनशील गतिविधियों पर रहेगी नजर

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए संवेदनशील क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। छतों या अन्य स्थानों पर उपद्रव की दृष्टि से पत्थर, ईंट, मलबा अथवा अन्य आपत्तिजनक सामग्री जमा किए जाने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  गौरीकुंड से आगे यात्री खाई में गिरा, आपदा टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं

पुलिस की नागरिकों से अपील

नैनीताल पुलिस ने नागरिकों से न्यायालय के निर्णय का सम्मान करने, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने और कानून-व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह को आगे प्रसारित नहीं करने को कहा है।

पुलिस के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था का उद्देश्य क्षेत्र में शांति बनाए रखना और किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित न होने देना है। आमजन से संयम और जिम्मेदारी के साथ सहयोग करने की अपील की गई है।