बाजपुर (ऊधमसिंह नगर) – बाजपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए दायर किए गए फॉर्म-7 को लेकर कांग्रेस ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बुधवार को किसान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हरमिंदर सिंह लाडी और नगर पालिका अध्यक्ष गुरजीत सिंह गित्ते के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की साजिश बताते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि फर्जी आपत्तियों के माध्यम से पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे लोगों के मताधिकार पर सीधा असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई लोकतंत्र की मूल भावना के विपरीत है और इसकी उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए।
कांग्रेस के अनुसार, बाजपुर विधानसभा क्षेत्र में फॉर्म-10 के ऑनलाइन अवलोकन के दौरान भाग संख्या 27, 142 और 149 में 93 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 दाखिल किए जाने का मामला सामने आया है। नेताओं ने आरोप लगाया कि यह किसी सुनियोजित अभियान का हिस्सा हो सकता है, जिसका उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करना है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि जिन लोगों ने आपत्तियां दर्ज कराई हैं, उन्हें नियमानुसार फॉर्म-13 के तहत नोटिस जारी किए जाएं तथा जिन मतदाताओं के नाम हटाने की आपत्ति की गई है, उन्हें फॉर्म-14 के तहत सूचना देकर अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया जाए। साथ ही सभी मामलों की पारदर्शी और निष्पक्ष सुनवाई सुनिश्चित की जाए।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो पार्टी व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगी।

