लालकुआं – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जनपद नैनीताल में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लालकुआं पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 36 पाउच कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल तथा क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग, गश्त और अपराध नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा था।
इसी दौरान 01 अगस्त 2026 को बिंदुखत्ता चौकी पुलिस ने चेकिंग के दौरान हरीश उर्फ हरेंद्र राम उर्फ हरिया पुत्र गोपाल राम, निवासी तिवारी नगर प्रथम, बिंदुखत्ता, कोतवाली लालकुआं को एक प्लास्टिक के कट्टे में 36 पाउच अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली लालकुआं में एफआईआर संख्या 123/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक गौरव जोशी (चौकी प्रभारी बिंदुखत्ता), कांस्टेबल दयाल नाथ एवं कांस्टेबल प्रहलाद सिंह की टीम ने अंजाम दिया।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

