नैनीताल – हल्द्वानी-नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार दोपहर वल्दियाखान के समीप अचानक चीड़ का विशाल पेड़ सड़क पर गिरने से यातायात बाधित हो गया। संयोगवश उसी दौरान मार्ग से गुजर रहे कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने मौके पर रुककर स्थिति का जायजा लिया और तत्काल राहत कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।
आयुक्त दीपक रावत ने घटनास्थल से ही जिला आपदा प्रबंधन, पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क कर सड़क पर गिरे पेड़ को तत्काल हटाने तथा यातायात शीघ्र सुचारू कराने के निर्देश दिए। उनके निर्देश के बाद संबंधित विभागों की टीम मौके पर पहुंची और मार्ग खोलने की कार्रवाई शुरू कर दी।
इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। आयुक्त ने स्वयं यात्रियों से बातचीत कर उन्हें धैर्य बनाए रखने की अपील की और आश्वस्त किया कि जल्द ही मार्ग को सुरक्षित रूप से खोल दिया जाएगा।

घटनास्थल पर कुछ दोपहिया वाहन चालक पेड़ के किनारे और नीचे से जबरन निकलने का प्रयास कर रहे थे। इसे गंभीर सुरक्षा जोखिम मानते हुए आयुक्त ने उन्हें रोकते हुए समझाया कि ऐसी जल्दबाजी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि आपदा जैसी परिस्थितियों में प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
प्रशासन के अनुसार घटना में किसी प्रकार की जनहानि या अन्य नुकसान नहीं हुआ। समय रहते प्रशासन की सक्रियता से स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया और यातायात सामान्य करने की कार्रवाई तेजी से शुरू कर दी गई।

