उत्तराखण्ड ज़रा हटके नैनीताल

सीएम धामी से मिलीं भावना मेहरा, रानीबाग–भीमताल रोप-वे परियोजना को लेकर सौंपा ज्ञापन

ख़बर शेयर करें -

देहरादून/नैनीताल – आवास सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष (दर्जा राज्यमंत्री) भावना मेहरा ने गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट कर महत्वाकांक्षी रानीबाग–भीमताल रोप-वे परियोजना के शीघ्र क्रियान्वयन की मांग की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को एक विस्तृत पत्र सौंपते हुए परियोजना को जनहित और पर्यटन विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

भावना मेहरा ने कहा कि रानीबाग–भीमताल रोप-वे परियोजना कुमाऊं क्षेत्र में पर्यटन, आधारभूत ढांचे और यातायात व्यवस्था को नई दिशा देने वाली महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने बताया कि परियोजना की व्यवहार्यता (फिजिबिलिटी) रिपोर्ट तैयार करने के लिए उत्तराखंड मेट्रो रेल कॉरपोरेशन को अधिकृत किया जा चुका है।

यह भी पढ़ें 👉  नशे के कारोबार पर पुलिस की सख्ती, बिंदुखत्ता में अवैध शराब तस्कर गिरफ्तार

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित योजना के तहत रानीबाग से भीमताल तक लगभग 7.32 किलोमीटर लंबा रोप-वे विकसित किया जाना है। इसके लिए रानीबाग में 5 हेक्टेयर तथा भीमताल में 5.536 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की जा चुकी है। साथ ही भविष्य में इस रोप-वे का विस्तार कैंची धाम और नैनीताल तक करने का भी प्रस्ताव है, जिससे इसकी कुल लंबाई लगभग 20.64 किलोमीटर हो जाएगी।

भावना मेहरा ने कहा कि इस परियोजना के साकार होने से भीमताल और आसपास के पर्यटन स्थलों तक पर्यटकों की आवाजाही अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक होगी। इससे सड़कों पर बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या में कमी आएगी, यात्रा समय घटेगा तथा स्थानीय लोगों को भी बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।

यह भी पढ़ें 👉  ग्रामीण विकास को मिलेगी नई गति, जिला पंचायत ने 14 करोड़ के बजट के साथ लिए कई अहम निर्णय

उन्होंने कहा कि रोप-वे परियोजना से पर्यटन गतिविधियों को व्यापक बढ़ावा मिलेगा, जिससे होटल, होमस्टे, परिवहन, हस्तशिल्प और अन्य स्थानीय व्यवसायों को नई गति मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

यह भी पढ़ें 👉  सरकार पहुंची जनता के द्वार, कोटाबाग शिविर में समस्याओं के समाधान के साथ योजनाओं का लाभ

भावना मेहरा ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि जनहित एवं पर्यटन विकास को प्राथमिकता देते हुए रानीबाग–भीमताल रोप-वे परियोजना के शीघ्र क्रियान्वयन के लिए आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि यह महत्वाकांक्षी योजना जल्द धरातल पर उतर सके।