उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

मतदाता सूची में नहीं होगी कोई चूक: भारत निर्वाचन आयोग ने नैनीताल में अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – भारत निर्वाचन आयोग के तीन सदस्यीय दल ने शुक्रवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में जनपद नैनीताल में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 कार्यक्रम की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में फोटोयुक्त विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण, गणना प्रपत्रों के डिजिटलीकरण तथा मतदाता सूची के अद्यतन कार्यों का मूल्यांकन किया गया। आयोग की टीम ने अधिकारियों को फोटोयुक्त प्रपत्रों के वितरण में तेजी लाने, छूटे हुए पात्र मतदाताओं का शीघ्र पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

भारत निर्वाचन आयोग के दल में अनुभाग अधिकारी चंद्र मोहन, सहायक अनुभाग अधिकारी शमीक मुखर्जी तथा आयुष कुमार शामिल रहे। तीनों अधिकारियों ने निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) से विधानसभावार प्रगति रिपोर्ट प्राप्त कर अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा की और विभिन्न बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

यह भी पढ़ें 👉  सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से मिली बड़ी सफलता, सात दुकानों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश

बैठक में आयोग के अधिकारियों ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 कार्यक्रम का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि को समाप्त करना है। इसके लिए फोटोयुक्त प्रपत्रों के वितरण एवं डिजिटलीकरण की प्रक्रिया में और तेजी लाई जाए।

आयोग के दल ने अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी, नगर आयुक्त नगर निगम हल्द्वानी, सभी उपजिलाधिकारियों, निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि उनके क्षेत्र में कोई भी पात्र नागरिक अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है तो उसका फॉर्म-6 तत्काल भरवाकर पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने संवैधानिक मताधिकार से वंचित न रहे। साथ ही प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से भारत निर्वाचन आयोग को उपलब्ध कराई जाए।

यह भी पढ़ें 👉  जनता के बीच पहुंचे मंत्री कैड़ा, बिजली-पानी-सड़क की समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा

समीक्षा के दौरान आयोग ने सभी ईआरओ एवं सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) को निर्देशित किया कि फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्रों से संबंधित कार्यों के साथ-साथ छूटे हुए मतदाताओं को निर्धारित समयावधि के भीतर मतदाता सूची में शामिल करना सुनिश्चित करें। उन्होंने सुपरवाइजरों एवं बूथ स्तरीय अधिकारियों (BLO) से नियमित संपर्क बनाए रखने तथा फोटोयुक्त प्रपत्रों के वितरण कार्य का लगातार स्थलीय निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  रासायनिक खेती से प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ रहे किसान, नाबार्ड की परियोजना बनी सहारा

आयोग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि, दोहराव अथवा अपात्र व्यक्तियों के नाम शामिल होने की स्थिति को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कमियों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा यह विशेष ध्यान रखा जाए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो।

बैठक में सहायक निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, उपजिलाधिकारी मोनिका, उपजिलाधिकारी सुधीर कुमार, उपजिलाधिकारी अनुराग आर्य, तहसीलदार पूजा शर्मा, तहसीलदार मनीषा मार्कुना, समस्त सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO), बूथ स्तरीय अधिकारी (BLO) तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।