उत्तराखण्ड ज़रा हटके देहरादून

उत्तराखंड के युवाओं के सपनों को मिली उड़ान: कौशल विकास योजनाओं से रोजगार, विदेशों में नौकरी और विश्व मंच तक पहुंच

ख़बर शेयर करें -

देहरादून – उत्तराखंड सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय रोजगार बाजार के अनुरूप तैयार करने की दिशा में लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड कौशल विकास समिति (यूकेएसडीएस) के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं ने प्रदेश के हजारों युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और वैश्विक अवसरों से जोड़ने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। कौशल विकास के क्षेत्र में राज्य की उपलब्धियों को अब राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिल रही है।

87 हजार से अधिक युवाओं को मिला कौशल प्रशिक्षण, 18 हजार से अधिक को रोजगार

वित्तीय वर्ष 2021-22 से 2025-26 के दौरान राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न कौशल विकास योजनाओं के माध्यम से 87,198 युवाओं का नामांकन किया गया। इनमें से 70,260 युवाओं ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण कर प्रमाणपत्र प्राप्त किया, जबकि 18,154 युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ा गया।

राज्य सरकार का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप युवाओं को दक्ष बनाकर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ना है। इसी सोच के अनुरूप कौशल विकास कार्यक्रमों का लगातार विस्तार किया जा रहा है।

जापानी भाषा प्रशिक्षण से खुल रहे वैश्विक रोजगार के द्वार

राज्य सरकार ने युवाओं को अंतरराष्ट्रीय रोजगार बाजार से जोड़ने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन योजना के तहत जापानी भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है। 1 जुलाई 2023 से संचालित इस योजना के अंतर्गत अब तक 376 युवाओं एवं युवतियों का पंजीकरण किया जा चुका है।

यह भी पढ़ें 👉  खूनी वारदात का पुलिस ने किया खुलासा, सगे भाई पर हमला करने वाला सलाखों के पीछे

इस योजना के माध्यम से अब तक 65 युवाओं को जापान में विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार प्राप्त हुआ है। इसके अलावा 30 युवकों को सऊदी अरब में रोजगार दिलाया गया है।

योजना के तहत 14 अभ्यर्थियों ने जर्मन भाषा प्रशिक्षण भी सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है और जल्द ही उन्हें भी रोजगार से जोड़ा जाएगा। राज्य सरकार विदेशी भाषा प्रशिक्षण शुल्क पर 20 प्रतिशत अनुदान उपलब्ध करा रही है। साथ ही प्रशिक्षण अवधि के दौरान अभ्यर्थियों को प्रतिदिन 220 रुपये रहने और भोजन के लिए दिए जा रहे हैं, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर युवा भी इस योजना का लाभ उठा सकें।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में इस योजना का विस्तार करते हुए अधिक से अधिक युवाओं को जापानी और जर्मन भाषा का प्रशिक्षण देकर वैश्विक रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता में उत्तराखंड का शानदार प्रदर्शन

उत्तराखंड कौशल विकास समिति के मार्गदर्शन में आयोजित इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता 2025-26 में भी प्रदेश के प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

जिला एवं जोनल स्तर की प्रतियोगिता 10 से 12 सितंबर 2025 के बीच हल्द्वानी और देहरादून में आयोजित हुई, जिसमें 29 विभिन्न कौशलों में 83 प्रतिभागियों ने भाग लिया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के बाद 40 प्रतिभागियों ने 27 विभिन्न कौशलों में उत्तर क्षेत्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया।

यह भी पढ़ें 👉  कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनाई संत कबीर जयंती, समानता और सद्भाव का लिया संकल्प

उत्तर क्षेत्रीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड के प्रतिभागियों ने 4 स्वर्ण, 4 रजत और 3 कांस्य पदक जीते, जबकि 8 प्रतिभागियों को मेडेलियन फॉर एक्सीलेंस से सम्मानित किया गया।

इसके बाद 27 मार्च से 3 अप्रैल 2026 के बीच भुवनेश्वर एवं ग्रेटर नोएडा में आयोजित राष्ट्रीय इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता में उत्तराखंड के 14 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में राज्य ने 2 स्वर्ण, 1 रजत और 2 कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। साथ ही 2 प्रतिभागियों को मेडेलियन फॉर एक्सीलेंस भी प्रदान किया गया।

विश्व कौशल प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे दो युवा

उत्तराखंड के लिए यह गर्व का विषय है कि सितंबर 2026 में चीन के शंघाई में आयोजित होने वाली वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में राज्य के दो प्रतिभागियों का चयन हुआ है।

इंडस्ट्रियल डिजाइन टेक्नोलॉजी कौशल में पार्थ वोहरा तथा रिटेल सेल्स कौशल में सानिया जोशी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह उपलब्धि राज्य की कौशल विकास व्यवस्था और युवाओं की प्रतिभा का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमाण है।

‘स्किल ऑन व्हील्स’ परियोजना को मिली वैश्विक पहचान

राज्य सरकार के सहयोग से संचालित ‘स्किल ऑन व्हील्स’ परियोजना को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी सफलता मिली है। रबर, केमिकल एवं पॉलिमर स्किल डेवलपमेंट काउंसिल (RCPSDC) द्वारा संचालित इस परियोजना का चयन सितंबर 2026 में शंघाई में आयोजित वर्ल्ड स्किल्स कॉन्फ्रेंस में प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  बिना कोचिंग-ट्यूशन के रचा इतिहास, हल्द्वानी के अजय महरा बने परमाणु वैज्ञानिक

विश्वभर से प्राप्त 130 से अधिक प्रस्तावों में इस परियोजना का चयन होना इसकी गुणवत्ता, नवाचार और प्रभावी क्रियान्वयन का प्रमाण माना जा रहा है।

यह परियोजना उत्तराखंड कौशल विकास समिति (UKSDS), राज्य सरकार और यूएनडीपी (UNDP) के सहयोग से संचालित की जा रही है। इसके माध्यम से युवाओं को कौशल प्रशिक्षण, करियर काउंसलिंग, उद्योगों से समन्वय और रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है।

कौशल विकास बना आत्मनिर्भर उत्तराखंड की मजबूत नींव

उत्तराखंड कौशल विकास समिति द्वारा संचालित विभिन्न योजनाएं राज्य सरकार की उस प्रतिबद्धता को साकार कर रही हैं, जिसके माध्यम से प्रदेश के युवाओं को आधुनिक कौशल, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं में भागीदारी तथा वैश्विक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

कौशल प्रशिक्षण, विदेशी भाषा कार्यक्रम, इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा ‘स्किल ऑन व्हील्स’ परियोजना को विश्व स्तर पर मिली पहचान यह साबित करती है कि उत्तराखंड आज कौशल विकास के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। राज्य सरकार के सतत प्रयासों से प्रदेश के युवा आत्मनिर्भरता, रोजगार और वैश्विक अवसरों की नई ऊंचाइयों की ओर तेजी से अग्रसर हो रहे हैं।