रुद्रपुर – उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) द्वारा 14 जून को आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय लिखित परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शुक्रवार को जिला सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने अधिकारियों को परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों, पर्यवेक्षकों और इनविजिलेटरों को निर्देशित किया कि परीक्षा से पूर्व सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं तथा परीक्षा के दौरान पूरी सतर्कता के साथ निगरानी रखी जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं पर्यवेक्षक परीक्षा से एक दिन पूर्व परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सीसीटीवी, जैमर, सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का परीक्षण करें। उन्होंने आयोग के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर पर्याप्त क्षमता वाले जैमर अनिवार्य रूप से लगाए जाएं और उनकी कार्यक्षमता की पूर्व जांच भी कर ली जाए।

उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक जांच और सत्यापन सीसीटीवी निगरानी में प्रवेश द्वार पर ही किया जाए। साथ ही प्रश्नपत्रों को भी सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में सुरक्षित रखा और खोला जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस अथवा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल गैजेट पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। बिना परिचय पत्र के किसी भी व्यक्ति को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
गर्मी को देखते हुए सभी केंद्रों पर पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने तथा परीक्षा अवधि के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। परीक्षा अवधि में सभी केंद्रों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा-163 प्रभावी रहेगी।
अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने बताया कि परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी संचालन के लिए जनपद में कुल 55 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 18,302 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इनमें रुद्रपुर-किच्छा के 21 केंद्रों पर 7,424, गदरपुर के 15 केंद्रों पर 4,308, बाजपुर के 11 केंद्रों पर 3,516 तथा काशीपुर के 8 केंद्रों पर 3,054 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा, आयोग के प्रतिनिधि, सेक्टर मजिस्ट्रेट, नोडल अधिकारी एवं परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।

