उत्तराखण्ड ज़रा हटके भीमताल

सीडीओ ने की विकास योजनाओं की समीक्षा, समयबद्ध डाटा अपलोड करने के निर्देश

ख़बर शेयर करें -

भीमताल। जनपद में विकास योजनाओं की प्रभावी निगरानी एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को विकास भवन सभागार में ‘प्रगति पोर्टल’ से संबंधित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने राज्य वित्त, केंद्रीय वित्त एवं जिला योजना से प्राप्त धनराशि से संचालित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तार से जानकारी प्राप्त की।

यह भी पढ़ें 👉  चुनावी पारदर्शिता सुनिश्चित करने को प्रशासन सक्रिय, वेयरहाउस का हुआ निरीक्षण

बैठक में जिला विकास अधिकारी नैनीताल से विधायक निधि, मनरेगा तथा अन्य विकास मदों से संचालित योजनाओं की वर्तमान स्थिति एवं प्रगति पोर्टल पर डाटा अपलोडिंग की जानकारी ली गई। वहीं सहायक परियोजना निदेशक डीआरडीए से सांसद निधि, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन एवं अन्य विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपनी योजनाओं से संबंधित संपूर्ण जानकारी समयबद्ध तरीके से प्रगति पोर्टल पर अपलोड करें, ताकि विकास कार्यों की पारदर्शिता, जवाबदेही और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके।

यह भी पढ़ें 👉  साइबर अपराध पीड़ितों के लिए खुशखबरी,फ्रीज धनराशि वापस पाने का आसान रास्ता

उन्होंने जिला सूचना विज्ञान अधिकारी को निर्देशित किया कि जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर प्रगति पोर्टल को जनपद एनआईसी वेबसाइट से जोड़ा जाए, जिससे राज्य वित्त, केंद्रीय वित्त एवं जिला योजना के अंतर्गत प्राप्त धनराशि और विकास कार्यों का पूरा विवरण आमजन एवं प्रशासन के लिए आसानी से उपलब्ध हो सके।

सीडीओ ने कहा कि योजनाओं की ऑनलाइन मॉनिटरिंग और डिजिटल अभिलेखीकरण से शासन स्तर पर विकास कार्यों की समीक्षा अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनेगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं विकासखंड स्तर के कर्मचारियों को पोर्टल के संचालन संबंधी प्रशिक्षण भी दिया गया तथा सभी विभागों को लॉगिन आईडी एवं पासवर्ड उपलब्ध कराए गए।

यह भी पढ़ें 👉  जैविक खाद बढ़ाएगी खेतों की उर्वरता, किसानों से बोले सांसद अजय भट्ट

बैठक में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मुकेश नेगी, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद जायसवाल, जिला पंचायतीराज अधिकारी सुरेंद्र प्रकाश बैनी, जिला निबंधक सहकारिता डी.एस. नपच्याल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पटल सहायक उपस्थित रहे।