हल्द्वानी – भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद नैनीताल में गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रहण कार्य का निरीक्षण गुरुवार को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने किया। इस दौरान उन्होंने हल्द्वानी के नारायण नगर एवं कुसुमखेड़ा क्षेत्र का स्थलीय भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विवेक राय ने बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) तथा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ क्षेत्र में संचालित गणना प्रपत्र वितरण कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए जाने की प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।
इस दौरान बीएलओ के माध्यम से संबंधित मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए गए तथा उन्हें प्रपत्र भरने और निर्धारित समयावधि के भीतर जमा कराने संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के महत्व से भी अवगत कराया।

अपर जिलाधिकारी ने निर्वाचन कार्य में लगे कार्मिकों को निर्देशित करते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ संपादित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा कार्य की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर अभियान को सफलतापूर्वक पूर्ण किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों से मतदाताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रहण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार भोपाल सिंह मटियाली, मनोज कुमार भट्ट, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अभिनव कुमार, सुपरवाइजर मनोज कपिल, कोऑर्डिनेटर राजीव लॉरेंस सहित अन्य निर्वाचन कार्मिक उपस्थित रहे।

