उत्तराखण्ड ज़रा हटके नैनीताल

नैनीताल में कैरम चैंपियंस का हुआ सम्मान, टूर्नामेंट का भव्य समापन

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल – डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन नैनीताल द्वारा वरिष्ठ अधिवक्ता स्वर्गीय प्रताप सिंह मौनी की स्मृति में आयोजित प्रथम जिला स्तरीय कैरम टूर्नामेंट-2026 का बार हॉल में भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में सचिव मुख्यमंत्री एवं कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत और जिला न्यायाधीश प्रशांत जोशी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर फाइनल सत्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर दोनों अधिकारियों के बीच एक मैत्री कैरम मैच भी खेला गया, जिसे उपस्थित अधिवक्ताओं और दर्शकों ने खूब सराहा। पूरे हॉल में तालियों की गड़गड़ाहट के बीच हुए इस मैत्री मुकाबले ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया।

यह भी पढ़ें 👉  फायर सेफ्टी निरीक्षण में खुलीं खामियां, कई प्रतिष्ठान प्रशासन के रडार पर

इसके बाद टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। डबल्स वर्ग के खिताबी मुकाबले में पंकज कुमार एवं तस्लीम की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्पोर्ट्स सेक्रेटरी डी.एस. दानू और हंसराज सिजवाली की जोड़ी को पराजित कर चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।

वहीं सिंगल्स वर्ग के फाइनल मुकाबले में चंद्रप्रकाश ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए मुकेश चंद्रा को रोमांचक मुकाबले में हराकर चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

यह भी पढ़ें 👉  मंदिर दर्शन से पहले हादसा, ट्रॉली पलटने से दो दर्जन श्रद्धालु घायल

समापन समारोह में जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, जिला उपभोक्ता आयोग नैनीताल के अध्यक्ष श्री जायसवाल तथा न्यायिक मजिस्ट्रेट स्नेहा नारंग ने संयुक्त रूप से विजेताओं और उपविजेताओं को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

अतिथियों ने जिला बार एसोसिएशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे खेल आयोजन अधिवक्ताओं के बीच आपसी सौहार्द, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और खेल भावना को बढ़ावा देते हैं।

यह भी पढ़ें 👉  रामनगर में पुलिस का डबल एक्शन, अवैध हथियार और गांजे के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

टूर्नामेंट के सफल आयोजन में बार एसोसिएशन के सांस्कृतिक सचिव एडवोकेट उमेश कांडपाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनकी देखरेख में फाइनल मुकाबलों के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसने समारोह को और अधिक आकर्षक बना दिया। कार्यक्रम का संचालन भी एडवोकेट उमेश कांडपाल ने किया।

इस अवसर पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण बिष्ट, स्पोर्ट्स सेक्रेटरी डी.एस. दानू, कार्यकारिणी के पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।