हल्द्वानी/नैनीताल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के नेतृत्व में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत नैनीताल पुलिस को वर्ष 2026 की अब तक की सबसे बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसओजी एवं थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय एवं अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 600 ग्राम से अधिक स्मैक बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है। इस बरामदगी को वर्ष 2026 में उत्तराखंड पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी ड्रग्स रिकवरी माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार तस्करों के तार अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में नशा तस्करी के एक बड़े संगठित गिरोह के सक्रिय होने की जानकारी सामने आई है।

नैनीताल जनपद की एसओजी और थाना पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई से नशा तस्करों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और इसके पीछे सक्रिय अन्य आरोपियों तक पहुंचने के लिए गहन जांच में जुटी हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. शीघ्र ही प्रेस वार्ता कर इस मामले का विस्तृत खुलासा करेंगे। प्रेस वार्ता में गिरफ्तार आरोपियों, बरामद स्मैक, तस्करी के नेटवर्क और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी साझा की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचाने वाले तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई उत्तराखंड में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

