उत्तराखण्ड ज़रा हटके देहरादून

देहरादून में फिर चला अतिक्रमण विरोधी अभियान, सड़क से हटाया कब्जा

ख़बर शेयर करें -

देहरादून – जनपद में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक संपत्ति पर कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी क्रम में चकतुनवाला क्षेत्र में नगर निगम की सड़क पर किए गए अवैध कब्जे को हटाते हुए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चकतुनवाला इलाके में एक प्रॉपर्टी डीलर द्वारा नगर निगम की सड़क पर अवैध रूप से दीवार खड़ी कर रास्ते को बाधित कर दिया गया था, जिससे स्थानीय लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्रवासियों द्वारा इस संबंध में शिकायत किए जाने पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया और संबंधित विभागों को जांच के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  ऑपरेशन प्रहार का असर, मुखानी में शराब तस्कर और वारंटी गिरफ्तार….

जांच में शिकायत सही पाई गई, जिसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई की योजना बनाई गई। निर्धारित कार्यक्रम के तहत राजस्व विभाग, नगर निगम और पुलिस बल की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में भारी मशीनरी लगाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया और मार्ग को पूरी तरह से कब्जामुक्त करा दिया गया।

कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई को देखते हुए क्षेत्र में अन्य अतिक्रमणकारियों में भी हड़कंप की स्थिति बनी रही। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से वे इस समस्या से जूझ रहे थे और अब उन्हें राहत मिली है।

यह भी पढ़ें 👉  मुखानी में गैस सिलेंडर चोरी का खुलासा, पूर्व ड्राइवर निकला आरोपी….

जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनपद में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा और जहां कहीं भी सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा पाया जाएगा, वहां इसी प्रकार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और समयबद्ध ढंग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

यह भी पढ़ें 👉  कम मानदेय के खिलाफ सड़क पर आशा कार्यकर्ता, आंदोलन उग्र होने के संकेत

प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि वे सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें और यदि कहीं अवैध कब्जे की जानकारी हो तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।