देहरादून – प्रेमनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने डेबिट कार्ड बदलकर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। झाझरा चौकी पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक कार से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 66 एटीएम कार्ड, तीन मोबाइल फोन और एक कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 20 अप्रैल 2026 को क्षेत्र में नियमित जांच अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सेलाकुई की ओर से आ रही एक सफेद कार में सवार कुछ लोग डेबिट कार्ड बदलकर धोखाधड़ी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर कार (UP 14 FH 7340) को रोक लिया। तलाशी के दौरान तीनों आरोपियों के पास विभिन्न बैंकों के कुल 66 एटीएम कार्ड बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान अली (गाजियाबाद), नसीरुद्दीन (दिल्ली) और मोहम्मद खालिद (गाजियाबाद) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे एटीएम बूथों पर बुजुर्ग और अनजान लोगों को निशाना बनाते थे। मदद करने के बहाने उनका कार्ड बदल लेते और पिन जानकर खातों से पैसे निकाल लेते थे।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और बरामद सामान को सील कर दिया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
थाना प्रभारी नरेश राठौर के अनुसार, पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस गिरोह ने किन-किन क्षेत्रों में वारदात को अंजाम दिया और इनके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में ठगी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

