नैनीताल– प्रदेश के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने नैनीताल जिले में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि कार्यों की लागत न बढ़े। मंगलवार देर सायं डॉ. आर.एस. टोलिया प्रशासनिक अकादमी नैनीताल में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली प्रशासनिक या तकनीकी बाधाओं का तत्काल समाधान किया जाए। यदि कोई समस्या शासन स्तर की है तो उसे तुरंत शासन के संज्ञान में लाया जाए, ताकि विकास कार्य प्रभावित न हों। उन्होंने अधिकारियों को मासिक लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करने, लंबित टेंडर और तकनीकी स्वीकृतियों को शीघ्र पूरा करने तथा परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
बैठक में लगभग 41 करोड़ रुपये की लागत से कैंचीधाम सौंदर्यीकरण कार्य, जमरानी बांध परियोजना, हल्द्वानी और रामनगर बस टर्मिनल निर्माण, बलियानाला भूस्खलन उपचार कार्य, तथा हल्द्वानी सीवरेज परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने इन परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग मजबूत प्रबंधन सुनिश्चित करें, ताकि पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने आवश्यक स्थानों पर पार्किंग और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने एलपीजी गैस की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने और होम डिलीवरी व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। बैठक में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

