हल्द्वानी/नैनीताल – उत्तराखंड के नैनीताल घूमने आई एक युवती के साथ टैक्सी चालक द्वारा की गई शर्मनाक वारदात के 10 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी 39 वर्षीय दीपक बोरा, हल्द्वानी के मुखानी का रहने वाला है।
घटना की जानकारी तल्लीताल थाना में दी गई। शिकायत में युवती ने बताया कि वह बीती 5 मार्च की रात दिल्ली से देहरादून होते हुए हल्द्वानी पहुंची और वहां से नैनीताल जाने के लिए टैक्सी ली। लेकिन चालक ने नैनीताल पहुंचने के बजाय मुख्य मार्ग से डाइवर्ट कर पटवाडांगर की ओर ले गया। वहां चालक ने युवती के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया और उसका मोबाइल फोन लूट लिया ताकि वह किसी को सूचना न दे सके।
सतर्क युवती किसी तरह अपनी अस्मत बचाकर जंगल में भाग गई। रातभर जंगल में भटकने के बाद वह मुख्य मार्ग पर पहुंची और वहां मिलने वाली ग्रामीण महिला की मदद से तल्लीताल थाना पुलिस को सूचित किया।

सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। फॉरेन्सिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए। पीड़िता का स्थानीय बी.डी. पांडे अस्पताल में मेडिकल कराया गया। शिकायत के आधार पर तल्लीताल थाना में अपराध संख्या 11/2026 धारा 64/309(6)/137 बी.एन.एस. के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने घटना की गंभीरता को देखते हुए एस.पी. सिटी डॉ. जगदीश चंद्र को आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए टीम गठित करने के निर्देश दिए। थानाध्यक्ष तल्लीताल के नेतृत्व में टीम ने सीसीटीवी कैमरों और जीपीएस सिस्टम की मदद से वाहन संख्या UK04TB 5500 वैगन आर से दीपक बोरा को पाइन्स-भवाली रोड से गिरफ्तार किया।
अभियुक्त की निशानदेही पर पीड़िता का लूटा हुआ मोबाइल फोन (Vivo Y100) बरामद किया गया और घटना में प्रयुक्त वाहन भी कब्जे में लिया गया।

