(नैनीताल)- नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए खनस्यूं पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को चेकिंग के दौरान दो युवकों को चरस के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष विजय पाल सिंह ने बताया कि सिमलिया बैंड से करीब एक किलोमीटर दूर खनस्यूं–हल्द्वानी मोटर मार्ग पर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दीपक थुवाल निवासी हैड़ाखान और हर्षित रावत निवासी तल्ला कृष्णापुर, तल्लीताल के पास से कुल 202 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को भी सीज कर दिया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।

