किच्छा – जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने निर्माणाधीन एम्स किच्छा का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान निर्माण कार्यों की धीमी गति पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और महाप्रबंधक नागार्जुन कन्सट्रक्शन कंपनी (एनसीसी) शंकर बालू को श्रमिकों और उपकरणों की संख्या बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आगामी माह मई तक चिकित्सालय भवन का कार्य पूर्ण किया जाए।
जिलाधिकारी ने प्रशासनिक भवन और ओपीडी भवन को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि जल्द से जल्द ओपीडी सेवाएं प्रारंभ की जा सकें। साथ ही उन्होंने केंद्रीय लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं को मेडिकल उपकरणों और फर्नीचर की खरीद प्रक्रिया में तेजी लाते हुए संबंधित फर्मों को आदेश जारी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी और उप जिलाधिकारी को प्रत्येक पखवाड़े कार्य प्रगति की मॉनिटरिंग कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश मौके पर ही दिए।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन मेडिकल एवं नर्सिंग स्टाफ आवासों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश कार्यदायी संस्थाओं के अभियंताओं को दिए। एनसीसी के महाप्रबंधक ने बताया कि अस्पताल भवन के दो फ्लोर का कार्य मई तक तथा शेष कार्य जुलाई तक पूर्ण कर लिया जाएगा। मेडिकल एवं नर्सिंग स्टाफ आवासीय भवनों का 80 से 85 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य भी शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा। अस्पताल की पेंटिंग हेतु रंगों की स्वीकृति मिल चुकी है और निर्माण पूर्ण होते ही पेंटिंग कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

केंद्रीय लोनिवि के अभियंता ने बताया कि मेडिकल उपकरणों का ऑर्डर फर्मों को दिया जा चुका है तथा फर्नीचर के सैंपल प्राप्त कर लिए गए हैं। सैंपल स्वीकृत होते ही फर्नीचर की आपूर्ति प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी जाएगी। जिलाधिकारी ने एसटीपी कार्यों में भी तेजी लाने और ड्रेनेज कार्य को अधिशासी अभियंता सिंचाई के समन्वय से शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल, उप जिलाधिकारी गौरव पाण्डेय, अधिशासी अभियंता सिंचाई बी.एस. डांगी, एजीएम एनसीसी अजौय, प्रबंधक हरिशंकर, अरुण सिंह, सहायक अभियंता सीपीडब्ल्यूडी राकेश पटेल, तहसीलदार गिरीश त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

