उत्तराखण्ड क्राइम नैनीताल

नैनीताल धमकी कांड: 10 दिन पुरानी आईडी से 125 जगह भेजे गए बम ई-मेल…….

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल- नैनीताल जिला जज की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर बम धमाके की धमकी देने के मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ कई अहम तथ्य सामने आए हैं। जांच में पता चला है कि जिस आईडी से धमकी भेजी गई, वह महज दस दिन पहले ही बनाई गई थी और उसी आईडी से नैनीताल सहित 125 से अधिक स्थानों पर ई-मेल भेजे गए हैं। पुलिस और जांच एजेंसियां अब इस संदिग्ध आईडी के स्रोत तक पहुंचने में जुटी हैं।

यह भी पढ़ें 👉  अंधविश्वास का जाल: ‘जिन्न’ बनकर आया और करोड़ों लेकर फरार......

बताया जा रहा है कि “सुनैया दासन” नाम की आईडी से दो दिन लगातार धमकी भरे ई-मेल भेजे गए। संदेश में तमिलनाडु में ईडब्ल्यूएस आरक्षण का विरोध जताते हुए एलटीटीई और पाकिस्तान की आईएसआई का नाम भी लिखा गया। 17 फरवरी को नैनीताल और उत्तरकाशी में ई-मेल भेजे गए, जबकि अगले दिन कई अन्य जिलों में भी इसी प्रकार के संदेश प्राप्त हुए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल ने जांच तेज कर दी है और तकनीकी सहयोग के लिए एसटीएफ की मदद ली गई है। जिन-जिन स्थानों पर ई-मेल भेजे गए, वहां की पुलिस से भी समन्वय कर जानकारी जुटाई जा रही है। शुरुआती जांच में आईडी संदिग्ध पाई गई है और इसके इनबॉक्स व आउटबॉक्स की विस्तृत जांच के बाद ही और तथ्य सामने आने की उम्मीद है।

जांच एजेंसियों ने तकनीकी जानकारी के लिए माइक्रोसॉफ्ट को भी ई-मेल भेजा है, जिससे आईपी एड्रेस और वीपीएन के उपयोग की जानकारी मिल सके। इसके बाद उस डिवाइस और फोन नंबर तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा, जिससे ई-मेल भेजा गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी तक पहुंचने की प्रक्रिया लंबी और तकनीकी है, इसलिए जांच पूरी होने में समय लग सकता है। फिलहाल एजेंसियां हर पहलू से मामले की जांच कर रही हैं और जल्द खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून में दिनदहाड़े मॉल के अंदर कारोबारी की हत्या, 16 दिन में पांचवां मर्डर