उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

ट्रक हादसे में वैज्ञानिक की मौत के बाद शहर में आक्रोश, धरने में सुरक्षा सुधार की मांग….

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – शहर में विकास कार्यों के बीच लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को जोरदार धरना प्रदर्शन किया। हाल ही में हुए एक दर्दनाक हादसे में ट्रक के नीचे आने से एक वैज्ञानिक की मौत ने शहरवासियों में आक्रोश पैदा कर दिया।

धरना प्रदर्शन में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सड़क सुरक्षा, भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के कथित कमर्शियल उपयोग पर प्रशासन की लापरवाही को घेरा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के नाम पर सड़कों को खोद दिया गया है और ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  100-150 मीटर नीचे खाई में गिरा दूध वाहन, पुलिस-एसडीआरएफ ने बचाई तीन जानें

हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुमित हृदयेश ने प्रशासन की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि होनहार वैज्ञानिक की जान प्रशासन की लापरवाही के कारण गई। उन्होंने मांग की कि शहर में भारी वाहनों की आवाजाही के लिए सख्त समय सीमा तय की जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

धरने में कांग्रेस नेताओं ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की भी मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  5.10 लाख की मदद से लेकर महालक्ष्मी किट तक, रामनगर शिविर में पात्रों को मिला योजनाओं का लाभ

शहरवासियों का कहना है कि विकास कार्य आवश्यक हैं, लेकिन नागरिकों की सुरक्षा उससे भी अधिक प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रशासन अब इस मुद्दे पर क्या कार्रवाई करता है, यह आगामी दिनों में देखने की बात होगी।