बेतालघाट/नैनीताल – राज्य सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान के तहत मंगलवार को विकासखंड बेतालघाट के राजकीय इंटर कॉलेज लोहाली में विशाल जनकल्याण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ नैनीताल विधायक सरिता आर्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शिविर में विभिन्न विभागों ने आमजन की समस्याएं सुनकर उनका समाधान किया तथा पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा गया।
शिविर में क्षेत्रीय जनता ने पेयजल, सड़क, सिंचाई, सीसी मार्ग, विद्युत, राजस्व और स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। कुल 45 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 41 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर विधायक सरिता आर्य ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक खड़े व्यक्ति को उसके घर के नजदीक उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों का मौके पर समाधान नहीं हो सका है, उनका भी शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। महिला कल्याण एवं बाल विकास विभाग ने तीन महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की। स्वास्थ्य विभाग ने 100 से अधिक लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा वितरण किया तथा 14 वर्षीय बालिका को एचपीवी (सर्वाइकल कैंसर निरोधक) टीका लगाकर कैंसर से बचाव के प्रति जागरूक किया। शिविर से करीब 260 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिला।
शिविर में कृषि, उद्यान, सहकारिता, महिला एवं बाल विकास, रीप परियोजना, उरेडा, श्रम, पंचायती राज, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, खाद्य, ग्राम्य विकास और राजस्व विभाग सहित अनेक विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि के लिए केवाईसी, भूमि सत्यापन, फार्म रजिस्ट्री, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सिंचाई योजना, चेन फेंसिंग एवं कृषि यंत्रीकरण योजनाओं की जानकारी दी गई। उद्यान विभाग ने उन्नत फल पौध, सब्जी बीज और मृदा परीक्षण की जानकारी दी, जबकि खेल विभाग ने मुख्यमंत्री उदयीमान खिलाड़ी उन्नयन योजना और मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना के संबंध में युवाओं को जागरूक किया। समाज कल्याण विभाग ने पेंशन एवं छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी दी।
शिविर में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने अल्गौर मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति, पुराने विद्युत पोल बदलने, गांवों में सोलर लाइट लगाने, पैदल मार्ग एवं सीसी मार्गों की मरम्मत, खाता-खतौनी में नाम दर्ज करने, पेयजल, स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था में सुधार, विद्यालय भवन की छत की मरम्मत तथा गुलदार और बंदरों के आतंक से राहत के लिए पिंजरा लगाने की मांग उठाई। विधायक सरिता आर्य ने वन विभाग को जंगली जानवरों की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र पिंजरा लगाने के निर्देश दिए।
शिविर के दौरान सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के पंजीकृत सांस्कृतिक दल ने लोकगीतों और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया। साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रचार सामग्री भी वितरित की गई।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अंकित शाह, भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष रमेश सुयाल, उप जिलाधिकारी अनुराग आर्य, तहसीलदार भुवन चंद भंडारी, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, खंड विकास अधिकारी पंकज जोशी, जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम, सहायक परियोजना निदेशक चंद्रा फर्त्याल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

