देहरादून/मसूरी – देहरादून जिले में कई पुलिस थानों, मसूरी नगर पालिका कार्यालय तथा अन्य महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है और संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देहरादून जिले के कई पुलिस थानों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के माध्यम से बम विस्फोट की धमकी दी गई। सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल होते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया और संबंधित थानों में तत्काल जांच शुरू कर दी गई। पुलिस साइबर सेल की मदद से संबंधित इंस्टाग्राम आईडी की पहचान करने और पोस्ट करने वाले व्यक्ति तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी बीच मसूरी नगर पालिका परिषद और प्रशासन को भी ई-मेल के माध्यम से बम विस्फोट की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी भरे ई-मेल में मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी के कार्यालय सहित देहरादून और दिल्ली के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों को निशाना बनाने की बात कही गई है।

ई-मेल में दावा किया गया है कि मसूरी नगर पालिका कार्यालय में दोपहर 3:11 बजे विस्फोट किया जाएगा। इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विभिन्न सरकारी कार्यालयों, धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशनों और सार्वजनिक स्थानों को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है।
बताया जा रहा है कि यह ई-मेल नगर पालिका परिषद मसूरी और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) मसूरी के आधिकारिक ई-मेल पते पर प्राप्त हुआ। धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। संबंधित स्थानों की जांच शुरू कर दी गई है तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार धमकी भरे संदेशों और ई-मेल की सत्यता की जांच की जा रही है। साइबर विशेषज्ञों की मदद से ई-मेल और सोशल मीडिया पोस्ट के स्रोत का पता लगाया जा रहा है। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष निगरानी अभियान भी चलाया जा रहा है।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू पर गंभीरता से काम कर रही हैं।

