उत्तराखण्ड ज़रा हटके रुद्रपुर

एलपीजी संकट: रुद्रपुर में बेकाबू भीड़, पुलिस-पीएसी ने संभाली स्थिति…….

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर शहर में एलपीजी गैस की किल्लत के बीच सोमवार को इंडेन गैस एजेंसी पर हालात बेकाबू हो गए। दो दिन बाद सिलिंडर की गाड़ी पहुंचते ही उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस और पीएसी को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। काशीपुर बाईपास स्थित गैस एजेंसी के बाहर लोग देर रात दो बजे से ही लाइन में लग गए थे। कई उपभोक्ता कई दिनों से अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे, लेकिन उन्हें सिलिंडर नहीं मिल पा रहा था। जैसे ही गैस की गाड़ी पहुंची, सिलिंडर लेने की होड़ मच गई और भीड़ गेट पर धक्का-मुक्की करने लगी। स्थिति को देखते हुए मौके पर तैनात पुलिस और पीएसी ने मोर्चा संभाला और लोगों को लाइन में लगाकर एक-एक कर अंदर भेजा।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून से बड़ी खबर: कई वरिष्ठ अधिकारियों की छुट्टी, नए चेहरों को मिली जिम्मेदारी….

इसके बावजूद बड़ी संख्या में उपभोक्ता शाम तक इंतजार करने के बाद भी बिना सिलिंडर लौटने को मजबूर हो गए। गैस की कमी का असर अब लोगों के घरों तक पहुंच गया है। कई परिवारों में सिलिंडर खत्म हो चुके हैं और लोग मजबूरी में मिट्टी के चूल्हे पर खाना बनाने लगे हैं। एजेंसी के बाहर बुजुर्ग और महिलाओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। कई महिलाएं सुबह पांच बजे से लाइन में खड़ी रहीं, लेकिन उन्हें सिलिंडर नहीं मिल सका। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि बुकिंग के बावजूद गैस की डिलीवरी नहीं हो रही है और शिकायतों का भी समाधान नहीं हो पा रहा है। एलपीजी संकट के चलते लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है और जल्द आपूर्ति व्यवस्था सुधारने की मांग की जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी से दिल्ली जा रहे थे, हाईवे पर भीषण टक्कर में चार की मौत, शोक की लहर….