उत्तराखण्ड ज़रा हटके नैनीताल

ल्वेशाल में विधिक जागरूकता शिविर, न्यायिक अधिकारियों ने लोगों को दी कानूनी जानकारी

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल – उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के तत्वावधान में रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज ल्वेशाल में बहुउद्देशीय विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला न्यायाधीश प्रशांत जोशी के निर्देशन में किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय नैनीताल के न्यायमूर्ति एवं उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष मनोज कुमार तिवारी उपस्थित रहे। उनके साथ सदस्य सचिव राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण प्रदीप मणि त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें 👉  कालाढूंगी पुलिस की तत्परता से टली अनहोनी, लापता महिला और बच्चे सकुशल मिले

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना, स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। लोक सूचना विभाग द्वारा नशा मुक्ति विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर जागरूकता संदेश भी दिया गया।

शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं की चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों तथा पैरालीगल वॉलंटियर्स को भी सम्मानित किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  कालाढूंगी में इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास दर्दनाक टक्कर, वाहन में फंसे चालक को कटर से निकाला गया

कार्यक्रम में विभिन्न संस्थाओं एवं विभागों की ओर से दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, लाठी तथा बच्चों को स्वेटर वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवा वितरण किया गया।

न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के शिविरों का उद्देश्य न्याय और कानूनी सहायता को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने लोगों से अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

यह भी पढ़ें 👉  ऑपरेशन प्रहार के तहत संदिग्ध बाइक चालकों पर शिकंजा,बिना नंबर प्लेट दौड़ रही 35 बाइकें सीज

सदस्य सचिव प्रदीप मणि त्रिपाठी ने राज्य एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं, “वन विलेज वन प्रो बोनो पीएलवी” तथा मुकदमा मुक्त ग्राम जैसी पहलों की जानकारी दी।

शिविर के अंत में अतिथियों द्वारा विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण भी किया गया। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।