उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

एसटीएच के पास मेडिकल दुकानों की जांच, नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – आमजन के स्वास्थ्य से जुड़े प्रतिष्ठानों में नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन ने शुक्रवार को सुशीला तिवारी चिकित्सालय के निकट संचालित मेडिकल स्टोरों पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया। उप जिलाधिकारी हल्द्वानी, पुलिस उपाधीक्षक हल्द्वानी तथा औषधि एवं चिकित्सा विभाग की संयुक्त टीम द्वारा किए गए निरीक्षण में कई अनियमितताएं सामने आईं।

संयुक्त टीम ने शुभ मेडिकल स्टोर और रेहमान मेडिकल स्टोर का निरीक्षण कर औषधियों के क्रय-विक्रय, नियंत्रित दवाओं के रखरखाव, लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं में संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता की मौत, परिजनों ने उठाए सवाल

निरीक्षण के दौरान रेहमान मेडिकल स्टोर में कई गंभीर कमियां पाई गईं। जांच में प्रिस्क्रिप्शन फाइल एवं रजिस्टर उपलब्ध नहीं मिला, जबकि प्रतिष्ठान में सीसीटीवी कैमरे भी स्थापित नहीं थे। इसके अलावा आवश्यक अभिलेख अपूर्ण पाए गए तथा निरीक्षण के समय फार्मासिस्ट भी अनुपस्थित मिला।

अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए ड्रग इंस्पेक्टर ने मौके पर ही रेहमान मेडिकल स्टोर में औषधियों के क्रय-विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने की कार्रवाई की।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल:-2 किलोमीटर तक निगरानी और 40 मिनट उड़ान क्षमता वाले ड्रोन से बढ़ेगी सुरक्षा

निरीक्षण टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों के संचालकों को निर्देशित किया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी अभिलेखों को अद्यतन किया जाए तथा पाई गई कमियों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दवाओं का विक्रय केवल निर्धारित मानकों और वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप ही किया जाना चाहिए।

यह भी पढ़ें 👉  98.8% अंक हासिल कर हल्द्वानी की बेटी अरिना ने रचा इतिहास, मनोविज्ञान में मिले पूरे अंक

प्रशासन ने चेतावनी दी कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े प्रतिष्ठानों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लिया जाएगा तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

अधिकारियों ने कहा कि जनहित और मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे।