नैनीताल/ऊधमसिंह नगर – विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में लगने वाले यातायात जाम से राहत दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सांसद अजय भट्ट ने सैनिटोरियम-रातिघाट (कैंची) बाईपास मोटर मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर वैली ब्रिज का फीता काटकर शुभारंभ किया। 19 किलोमीटर लंबे इस महत्वाकांक्षी मार्ग के निर्माण के लिए शासन द्वारा लगभग 37 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि बाईपास मार्ग के निर्माण से कैंची धाम क्षेत्र में लगने वाले भारी जाम से राहत मिलेगी। विशेष रूप से अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, कर्णप्रयाग एवं अन्य पर्वतीय क्षेत्रों से आने-जाने वाले पर्यटकों, स्थानीय नागरिकों तथा आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को निर्बाध आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। इससे मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी और उन्हें जाम की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि मार्ग के अधिकांश हिस्से का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष हिस्से में डामरीकरण का कार्य जल्द पूरा किया जाएगा। मानसून और संभावित बारिश को देखते हुए मार्ग पर पोकलैंड एवं जेसीबी मशीनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

सांसद ने आगामी 15 जून को आयोजित होने वाले श्री कैंची धाम मेले की तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने पार्किंग, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए आमजन से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और प्रशासन के आपसी समन्वय से मेले का सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
निरीक्षण के दौरान विधायक सरिता आर्या, दर्जा राज्य मंत्री नवीन वर्मा, भावना मेहरा, प्रकाश आर्य, उपजिलाधिकारी अनुराग आर्य, अधीक्षण अभियंता मनोहर सिंह धर्मसत्तू, अधिशासी अभियंता रत्नेश कुमार सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

