उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

राष्ट्रीय राजमार्ग-109 के रूप में विकसित हो मोहान-चौखुटिया सड़क: सांसद अजय भट्ट

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने मोहान से चौखुटिया तक मोटर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग-109 के रूप में विकसित करने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को हस्तांतरित करने और इसके दो लेन में चौड़ीकरण की प्रक्रिया को प्राथमिकता देने का अनुरोध किया है।

सांसद अजय भट्ट ने अपने पत्र में मोहान, भतरौजखान, भिकियासैंण, मौसी और चौखुटिया को जोड़ने वाले इस मार्ग को कुमाऊं क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस सड़क का उपयोग स्थानीय आवागमन के साथ पर्यटन और धार्मिक यात्राओं के लिए भी बड़े पैमाने पर किया जाता है। रानीखेत और आसपास के क्षेत्रों में आने वाले पर्यटकों के अलावा चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु भी इस मार्ग से आवागमन करते हैं।

यह भी पढ़ें 👉  ग्रामीणों की शिकायतें सुनने पहुंचे रामपाल सिंह, कई समस्याओं का मौके पर निस्तारण

सड़क की सीमित चौड़ाई से यातायात प्रभावित

सांसद ने कहा कि वर्तमान में सड़क की सीमित चौड़ाई और यातायात का दबाव बढ़ने से कई स्थानों पर जाम की स्थिति बन जाती है। इससे स्थानीय निवासियों, पर्यटकों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। मार्ग के चौड़ीकरण से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

101 किलोमीटर मार्ग को दो लेन में विकसित करने का प्रस्ताव

पत्र में सांसद ने उल्लेख किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की ओर से इस मार्ग के संबंध में विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा चुकी है। इसके साथ ही वनभूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया भी गतिमान बताई गई है। प्रस्तावित योजना के तहत लगभग 101 किलोमीटर लंबे मार्ग को दो लेन में विकसित करने के लिए डीपीआर परामर्श की कार्रवाई प्रस्तावित है।

यह भी पढ़ें 👉  बाईपास निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत, समयसीमा और गुणवत्ता पर मुख्यमंत्री धामी का जोर

पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा लाभ

अजय भट्ट ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से आग्रह किया कि मार्ग के सामरिक, आर्थिक और पर्यटन संबंधी महत्व को देखते हुए इसे राष्ट्रीय राजमार्ग-109 के रूप में विकसित करने की कार्रवाई तेज की जाए। उन्होंने संबंधित विभाग को सड़क हस्तांतरित करने तथा दो लेन में चौड़ीकरण और निर्माण कार्य को प्राथमिकता देने की मांग की।

यह भी पढ़ें 👉  उद्यमियों की समस्याओं पर प्रशासन सख्त, बकायेदारों और खाली प्लॉटों की सूची मांगी

सांसद ने उम्मीद जताई कि इस परियोजना के आगे बढ़ने से कुमाऊं क्षेत्र में सड़क संपर्क बेहतर होगा। साथ ही स्थानीय लोगों के आवागमन को सुविधा मिलने के अलावा पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।